तीन दिन में दो वाहनों की चोरी, स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी

गोड्डा में वाहन चोरी का सिलसिला जारी, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरों का आतंक एक बार फिर चरम पर है. पिछले तीन दिनों में चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए एक स्कॉर्पियो समेत दो वाहनों को चोरी कर लिया. इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और पुलिस की गश्ती पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. जानकारी के अनुसार, चोरी की पहली घटना शहर के रिहायशी इलाके सत्यनगर में 3 मार्च को हुई, जब मजदूर सुनील साह, निवासी गुलजार बाग मुहल्ला, के घर के बाहर खड़ी उनकी बाइक (जेएच 17एन 4430) चोरों ने दिनदहाड़े चोरी कर ली. मजदूर सुनील उस समय दूसरी मंजिल पर काम कर रहे थे. इसके ठीक दो दिन बाद, शुक्रवार की अलसुबह करीब 2 बजे फसिया डंगाल स्थित पेट्रोल पंप के सामने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो (जेएच 17एडी 8943) चोरी होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पीड़ित आदित्य कुमार, पिता प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि उनकी स्कॉर्पियो चोरी सीसीटीवी में कैद हो गयी. जांच में पाया गया कि सफेद रंग की कार से दो बदमाश वाहन चोरी करने आये और मात्र 20 मिनट में स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गये. वाहन में लगा जीपीएस सिस्टम रात 2:14 बजे मोबाइल पर सिग्नल भेजा, लेकिन बाद में सिग्नल बंद हो गया. पीड़ितों ने गोड्डा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी. घटना स्थल पर एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी और थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली ने पहुंचकर जांच की, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं. लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को बेनकाब कर दिया है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस की गाड़ियां मुख्य सड़कों पर तो दिखायी देती हैं, लेकिन मोहल्लों और अंदरूनी रास्तों में चोर बेखौफ घूम रहे हैं. सीसीटीवी कैमरों के बावजूद चोरों का पकड़ में न आना पुलिस की तकनीकी जांच पर भी सवाल खड़ा करता है. वाहन मालिकों का कहना है कि अब घर के बाहर गाड़ी खड़ी करना सुरक्षित नहीं रहा. वे मांग कर रहे हैं कि पुलिस सिर्फ कागजी कार्रवाई न करे बल्कि धरातल पर गश्ती बढ़ाये. जब शहर के सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों से वाहन चोरी हो रहे हैं, तो आम जनता खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करे, यह गंभीर प्रश्न बन गया है.

क्या कहते है थाना प्रभारी

मामला दर्ज कर लिया गया है और विभिन्न चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही चोरी की घटनाओं का उद्भेदन किया जाएगा.

-दिनेश कुमार महली, नगर थाना प्रभारीB

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >