प्रतिनिधि, महागामा: ऊर्जानगर दुर्गा मंदिर प्रांगण में आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर दुर्गा पूजा कमेटी की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता राजमहल परियोजना के जीएम एएन नायक ने की. इस दौरान पूजा को भव्य एवं आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
बैठक में कमेटी की ओर से पिछले वर्ष आयोजित दुर्गा पूजा के आय-व्यय का ब्योरा भी प्रस्तुत किया गया. इसके बाद इस वर्ष पूजा समारोह और मेले को बेहतर तरीके से आयोजित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर रणनीति तैयार की गयी.
श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा विशेष जोर
कमेटी के सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए प्रशासन के साथ मंदिर कमेटी के वालंटियर भी सक्रिय रहेंगे.
श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्णय लिया गया.
रावण दहन में होगी बैरिकेडिंग
बैठक में राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित होने वाले भव्य रावण दहन कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. कार्यक्रम के दौरान लोगों की भीड़ को देखते हुए स्टेडियम में बैरिकेडिंग कराने का निर्णय लिया गया.
इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि मेला और पूजा परिसर की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सके.
मेला क्षेत्र में सुरक्षा पर नजर
पूजा कमेटी ने प्रशासन के सहयोग से मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने की रणनीति तैयार की है. भीड़ वाले स्थानों पर वालंटियर की तैनाती और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर भी चर्चा हुई.
बैठक में राजमहल परियोजना के पदाधिकारी ओपी चौधरी, दिनेश शर्मा, मेघवाल, प्रणव कुमार, ललन कुमार, संतोष कुमार राय समेत पूजा कमेटी के सचिव प्रदीप सिंह, कोषाध्यक्ष रविकांत सिंह, उप कोषाध्यक्ष मनोज लोहार, उपसचिव मनीष भगत, कार्यालय मंत्री प्रदीप राय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.
