एनएच-133 पर पथरगामा थाना क्षेत्र के दाढ़ीघाट के समीप रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद सड़क पर तड़प रहे घायल के लिए गोड्डा के डीडीसी विस्पुते श्रीकांत यशवंत मसीहा बनकर सामने आये. उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल अपने सरकारी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उसका उपचार शुरू हो सका. प्राप्त जानकारी के अनुसार महागामा थाना क्षेत्र के धर्मोडीह गांव निवासी मिथिलेश यादव अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान दाढ़ीघाट के समीप विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मिथिलेश यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया.
इसी दौरान गोड्डा के डीडीसी विस्पुते श्रीकांत यशवंत महागामा से गोड्डा लौट रहे थे. सड़क किनारे घायल युवक को तड़पता देख उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया. अपने सुरक्षा गार्ड की सहायता से घायल मिथिलेश यादव को सरकारी वाहन में बैठाकर बिना विलंब किये सीधे सदर अस्पताल, गोड्डा पहुंचाया. अस्पताल पहुंचते ही डीडीसी की मौजूदगी में चिकित्सकों ने घायल का तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया. समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण घायल को शीघ्र चिकित्सकीय सहायता मिल सकी. डीडीसी की इस त्वरित पहल, मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता की स्थानीय लोगों एवं घायल के परिजनों ने सराहना की है. वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
