शाहपुर बेलडीहा के आजाद स्पोर्ट्स एंड मेंटर युवा क्लब के नेतृत्व में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्रीन पार्क मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. प्रतियोगिता 27 और 28 जनवरी को खेले जाएंगे. क्लब के अध्यक्ष रफी अमीन और सचिव इम्तियाज अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि कैथिया पंचायत के शाहपुर बेलडीहा गांव में आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार की कुल 16 टीमें भाग लेंगी. उन्होंने बताया कि विजेता टीम को एक लाख रुपए, उपविजेता टीम को 75 हजार रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 21 हजार रुपए की नकद राशि दी जाएगी. साथ ही प्रतियोगिता के दौरान मैन ऑफ द सीरीज को फ्रिज और मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को रेंजर साइकिल से सम्मानित किया जाएगा. प्रतियोगिता का शुभारंभ जिप सदस्य एहतेशामुल हक फीता काटकर करेंगे. प्रतियोगिता के समापन अवसर पर झारखंड सरकार के उद्योग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव मुख्य अतिथि होंगे. शाहपुर बेलडीहा के ग्रीन पार्क मैदान में पिछले 23 वर्षों से गणतंत्र दिवस के अवसर पर फुटबॉल प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का परंपरागत आयोजन होता रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शक शामिल होते हैं. इस मौके पर क्लब के केंद्रीय अध्यक्ष सुलेमान जहांगीर, आजाद हसनैन अख्तर, मो हासिम, मो हाफिज, मो शौकत, मो रियाज समेत अन्य सक्रिय सदस्य उपस्थित रहेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
