बोआरीजोर. एटक यूनियन कार्यालय में यूनियन की ओसीपी कमेटी की बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता बाबूलाल किस्कू ने की. बैठक में यूनियन की मजबूती व विस्तार को लेकर सभी सदस्यों से सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्णय लिया गया. मजदूरों व रैयतों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. यूनियन के एरिया सचिव रामजी साह ने बताया कि मजदूरों व रैयतों की समस्याओं से संबंधित सभी बिंदुओं पर परियोजना पदाधिकारी के साथ चर्चा की गयी है, उन्होंने कहा कि प्रबंधन से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की गयी है. यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो यूनियन आंदोलन करने को बाध्य होगी.
बैठक में निर्णय लिया गया कि भारत सरकार द्वारा लागू किए गये चार श्रम कोड मजदूरों के हितों के खिलाफ काला कानून हैं. यूनियन ने सरकार से इन श्रम कोड को तत्काल वापस लेने की मांग की. रामजी साह ने बताया कि इसके विरोध में 10 अगस्त को राजमहल परियोजना के एरिया कार्यालय के मुख्य द्वार के पास संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले मजदूरों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जायेगा, उन्होंने कहा कि यूनियन के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार कोल इंडिया की सभी इकाइयों में धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं. सफल बनाने के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया गया. बैठक में ओसीपी सचिव राम सुंदर महतो, गुरु प्रसाद हाजरा, लखनदर लोहार, सीताराम महतो, मालती मुर्मू, अकालमुनि देवी, जगन मुर्मू, संझली मुर्मू, ताला बास्की आदि मौजूद थे.
