प्रतिनिधि, पथरगामा. मंगलवार की देर रात मूसलाधार बारिश के बीच बिजली गुल हो जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी. रात 12 बजे के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गयी, जो बुधवार सुबह तक बहाल नहीं हो सकी. पूरी रात बिजली नहीं रहने के कारण इनवर्टर, मोबाइल चार्जिंग समेत दैनिक जरूरत के कई उपकरण ठप पड़े रहे. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
फीडर में फॉल्ट से सुबह भी बाधित रही आपूर्ति
बुधवार सुबह करीब 9 बजे के बाद सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए कई बार प्रयास किया गया. लेकिन फीडर में फॉल्ट रहने के कारण बिजली की आंख-मिचौली जारी रही. कभी बिजली आती तो कुछ ही देर बाद फिर गुल हो जाती. इससे लोगों की परेशानी बनी रही.
करीब साढ़े 10 बजे बिजली कर्मियों ने फीडर में आये फॉल्ट को ठीक किया. इसके बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी और लोगों ने राहत की सांस ली.
यह भी पढ़ें:
जर्जर तारों के कारण बार-बार फॉल्ट की शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं. बारिश के मौसम में जर्जर तार और विद्युत लाइन में खराबी के कारण बार-बार फॉल्ट की समस्या उत्पन्न होती है. इससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है.
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों को बदलने और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान बार-बार होने वाली बिजली कटौती से लोगों को राहत मिल सके.
