गोड्डा: जिले के गोड्डा-हंसडीहा मुख्य मार्ग स्थित सरकंडा चौक के समीप रविवार की मध्यरात्रि एक चाय-पान की गुमटी में अचानक आग लगने से करीब दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई. आग की चपेट में आने से दुकान में रखा सारा सामान नष्ट हो गया.
पीड़ित दुकानदार सूरज कुमार साह ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10 बजे प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे. देर रात करीब 12:30 बजे स्थानीय लोगों ने उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना दी. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरी दुकान आग की लपटों में घिर चुकी थी और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
आग इतनी भीषण थी कि दुकान के अंदर रखा छोटा रसोई गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया. विस्फोट की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया.
असामाजिक तत्वों पर लगाया आगजनी का आरोप
दुकानदार सूरज कुमार साह ने आशंका जताई है कि यह घटना महज दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित आगजनी का मामला है. उनका आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व पहले से ही उन्हें दुकान हटाने की धमकी दे रहे थे. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
घटना के बाद पीड़ित की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है. इधर, नगर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आग लगने के कारणों और असामाजिक तत्वों की संभावित संलिप्तता समेत सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
