महुवासोल आंगनबाड़ी के सामने सड़क में गड्ढा या गड्ढे में सड़क! कीचड़-जलजमाव से बच्चों और ग्रामीणों की आफत

महुवासोल आंगनबाड़ी केंद्र के सामने सड़क की बदहाली. बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलजमाव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. ग्रामीणों को आवागमन में हो रही है भारी परेशानी.

प्रतिनिधि, पथरगामा : प्रखंड के माल निस्तारा पंचायत अंतर्गत महुवासोल आंगनबाड़ी केंद्र के सामने की सड़क की स्थिति नारकीय हो चुकी है. वर्तमान में सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया है, जिसमें जलजमाव और कीचड़ पसरा हुआ है.

नाला नहीं होने से सड़क पर बहता है दूषित पानी

सड़क के किनारे नाले की भी व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण घरों से निकलने वाला दूषित पानी सड़क पर ही बहता रहता है. केंद्र से पहले और बाद की सड़क करीब एक वर्ष पूर्व बनी है, लेकिन केंद्र के सामने की सड़क बदहाल अवस्था में है. जर्जर सड़क के कारण केंद्र में अध्ययनरत बच्चों समेत ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.

बारिश में फिसलन, बाइक और साइकिल सवार होते हैं दुर्घटना का शिकार

स्थानीय ग्रामीण राजकिशोर हेंब्रम, सनातन हेंब्रम, मीरूलाल किस्कू, ओनत सोरेन, दिलीप सोरेन, प्रेमलाल मरांडी, अनिल मरांडी, सुरेंद्र मुर्मू आदि ने बताया कि बारिश होने पर केंद्र के सामने फिसलन की समस्या उत्पन्न हो जाती है. सड़क की दुर्दशा के कारण अक्सर बाइक और साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार बन जाते हैं. रात के अंधेरे में सड़क पर आवाजाही करने में भी सावधानी बरतनी पड़ती है.

ग्रामीणों का कहना है कि बदहाल सड़क के जीर्णोद्धार की दिशा में आज तक किसी ने पहल नहीं की. ग्रामीणों ने प्रखंड प्रशासन से केंद्र के सामने की सड़क के साथ-साथ नाला निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों समेत ग्रामीणों और राहगीरों को आवाजाही में सहूलियत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >