गोड्डा में रसोई गैस न मिलने से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन, किया सड़क जाम

रसोई गैस की किल्लत. गंगटा मुहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल, सुबह छह बजे से लाइन में थे लोग

गोड्डा शहर के गंगटा मुहल्ले में स्थित कौशल्या गैस एजेंसी पर रविवार की सुबह अफरा-तफरी मच गयी, जब बड़ी संख्या में आये उपभोक्ताओं को रसोई गैस नहीं मिलने के कारण खाली हाथ लौटना पड़ा. नाराज उपभोक्ताओं ने बाइपास सड़क पर लगभग आधे घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया. जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह उपभोक्ताओं ने एजेंसी में दीवार पर चिपके नोटिस को देखा, जिसमें लिखा था कि गैस ट्रक पर लोड नहीं होने के कारण आज गैस उपलब्ध नहीं है. कई उपभोक्ता सुबह 6 बजे से लाइन में खड़े थे. यह देखकर लोग भड़क उठे और एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच में खाली सिलिंडर रखकर आवागमन ठप कर दिया.

आम जनता और होटलों के बीच असमानता

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अमूमन आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल रही, जबकि शहर के होटलों और ढाबों में घरेलू गैस सिलिंडरों का धड़ल्ले से कॉमर्शियल इस्तेमाल हो रहा है. उपभोक्ताओं ने कहा कि एजेंसी संचालक और बिचौलिए मिलकर घरेलू सिलेंडर ऊंचे दामों पर होटल संचालकों को बेच रहे हैं, जबकि आम जनता को स्टॉक खत्म होने का बहाना दिया जा रहा है. शहर के कई इलाकों में घरेलू सिलिंडरों से छोटे सिलिंडरों में गैस भरने का अवैध खेल चल रहा है. छोटे सिलिंडरों में प्रति किलोग्राम 150 रुपये और घरेलू सिलिंडर अवैध रूप से 1800-2000 रुपये में बेचा जा रहा है. नियमों के अनुसार होटलों में कॉमर्शियल सिलिंडर का ही उपयोग होना चाहिए, लेकिन लाल सिलिंडरों की खपत मुनाफे के चक्कर में बढ़ गयी है. उपभोक्ताओं ने कहा कि प्रशासन केवल जाम हटाने तक सीमित रह गया, जबकि शहर के होटलों और गोदामों में छापेमारी कर वास्तविक स्थिति सामने लानी चाहिए.

पुलिस हस्तक्षेप के बाद खुला जाम

सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और एजेंसी अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लगभग आधे घंटे तक चला जाम समाप्त हुआ. एजेंसी प्रबंधक ने बताया कि ऊपर से सप्लाई में देरी हो रही है और इसे सुधारने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >