प्रतिनिधि, मेहरमा : मेहरमा के सिंघाड़ी गांव से सैकड़ों श्रद्धालु 54 फीट का विशाल कांवर लेकर बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए पैदल रवाना हुए. कांवर यात्रा की अगुवाई कमेटी अध्यक्ष विजय ठाकुर ने किया.
कहलगांव से जल भरकर बासुकीनाथ के लिए हुए रवाना
श्रद्धालु सोमवार को अपने-अपने कांवर के साथ उत्तर वाहिनी गंगा कहलगांव के लिए रवाना हुए. मंगलवार अहले सुबह गंगा में स्नान कर कांवर में जल भरकर पूजा-अर्चना के बाद बासुकीनाथ के लिए प्रस्थान किया. मेहरमा बॉर्डर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर कांवर जत्थे को रवाना किया.
सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को बांटा पानी, शरबत और फल
यात्रा के दौरान मेहरमा सहित कई जगहों पर सेवा शिविर लगाए गए थे. घोरीचक स्थित बाबा बासुकीनाथ फ्यूल के पास टंकी मालिक मयंक कुमार और समाजसेवी सह जिप सदस्य प्रतिनिधि अरुण कुमार राम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत, फल और चाय की व्यवस्था की गई थी. कड़ी धूप को देखते हुए जगह-जगह कांवरियों पर पानी डालकर राहत पहुंचाई जा रही थी.
जिस रास्ते से कांवर यात्रा गुजर रही थी, बोल बम के जयकारों और भोलेनाथ के भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा.
इस मौके पर डब्बू राम, डिंपल कुमार, अमरजीत भारती, प्रभाष कुमार सिन्हा, उपेंद्र कुमार, विश्वास कुमार, रजनीश कुमार, रमेश कुमार सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे.
