बोआरीजोर में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजकिशोर ठाकुर के रूप में

बोआरीजोर थाना क्षेत्र के श्रीपुर बाजार-मिर्जाचौकी मुख्य मार्ग पर श्रीपुर पुलिया के समीप शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे एलपी ट्रक संख्या डब्लूबी 65 सी 2225 के चक्का के नीचे आकर 40 वर्षीय राजकिशोर ठाकुर, पिता सामू ठाकुर की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, मृतक राजकिशोर ठाकुर हरियारी गांव, पोड़ैयाहाट के निवासी थे. वह बहन के घर मंडरो के भेला गांव जा रहे थे. ट्रक की साइड लेने के क्रम में वह ट्रक के पिछले चक्के के नीचे आ गये.

हेलमेट पहने थे, फिर भी नहीं बची जान

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि राजकिशोर बाइक चलाते समय हेलमेट पहन कर जा रहे थे. लेकिन ट्रक के चक्के के नीचे आने पर हेलमेट भी उनकी जान नहीं बचा सका. बताया गया कि ट्रक में अनाज (खेसारी) लदा हुआ था और ओवरलोड होने के कारण ट्रक सड़क पर तेज गति से चल रही थी. ट्रक का चालक बोआरीजोर का अनाज व्यापारी है, जो अनाज खरीद कर बंगाल ले जा रहा था. हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घटनास्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

परिवार पर भारी आर्थिक संकट

मृतक की पत्नी दिव्यांग है. उनके तीन बच्चे हैं-दो पुत्री और एक पुत्र. दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है. एकमात्र पुत्र फिलहाल इंटर की पढ़ाई कर रहा है. परिवार में कमाने वाला केवल राजकिशोर ही था. अब उनकी मौत के बाद परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट छा गया है.‘घटना अत्यंत दर्दनाक है. पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है. संबंधित ट्रक को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.

– आशीष यादव, थाना प्रभारी बोआरीजोरB

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >