आइसीआइसीआइ बैंक, गोड्डा शाखा में गड़बड़झाला
गोड्डा : आइसीआइसीआइ बैंक के गोड्डा शाखा में एक और गड़बड़झाले का मामला सामने आया है. पूर्व जिप सदस्य देवेंद्र महतो ने नगर थाना में बैंक के खिलाफ आवेदन दिया है. आवेदन देकर देवेंद्र ने बताया कि सरिता फर्म के नाम पर आइसीआइसीआइ बैंक में एकाउंट खोला गया था. जिसका संचालन तकरीबन 6 साल पूर्व नवंबर 2010 में ही बंद हो गया था. इस बीच न तो खाते के माध्यम से कोई लेनदेन हुई और न ही खाते में कोई चेक काटा गया.
अधिकारियों ने की गड़बड़ी : बंद हो जाने के बाद भी बैंक के अधिकारियों द्वारा एकाउंट से राशि का संचालन फरजी तरीके से होता रहा. बताया कि बगैर उनके जानकारी के ही बैंक द्वारा 31 मार्च 2011 से लेकर 02 जून 2011 तक राशि का हेर-फेर होता रहा. इस हेरफेर की जानकारी खाताधारक श्री महतो को नहीं हुई और बेरोकटोक 63 लाख 46 हजार 650 रुपये का ट्रांजेक्शन फर्म के खाते से होते रहा. इसकी जानकारी खाताधारक को तब हुई जब आयकर की नोटिस खाताधारक को हुई. नगर थाना में आवेदन देकर इस फरजीवाड़े की जांच कराये जाने व आवश्यक कार्रवाई किये जाने की मांग की है.
प्राथमिकी दर्ज हुई है
आवेदन के आधार पर बैंक द्वारा की गयी फरजीवाड़े के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. अनुसंधान के बाद ही मामले का खुलासा होगा.
– अशेाक गिरि, इंस्पेक्टर, नगर थाना, गोड्डा
