मामला बोआरीजाेर के छोटा सिन्ही गांव का
बेहोश होने वालों में दो महिलाएं भी है शामिल
महगामा रेफरल अस्पताल में चल रहा इलाज
महगामा : बोआरीजोर थाना क्षेत्र के छोटा सिन्ही गांव में रविवार रात जहरीली ताड़ी पीने से पांच पहाड़िया बेहोश हो गये. इसमें दो महिला भी हैं. सभी को परिजनों ने सोमवार सुबह महगामा रेफरल अस्पताल में भरती कराया. यहां सभी का इलाज किया जा रहा है. छोटा सिन्ही गांव में रविवार को साप्ताहिक हाट लगा था. हाट परिसर में देर शाम गांव के ही दुखा पहाड़िया, रमा पहाड़िया, सूर्या पहाड़िया, मेसी पहाड़िया व देवी पहाड़िन ने ताड़ी पी.
इसके बाद सभी हाट परिसर में ही बेहोश हो गये. सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने सभी को बेहोश पड़ा देखा. इसकी सूचना मिलते ही हाट परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. तरह-तरह की चर्चा होने लगी. वहीं परिजनों ने पांचों को महगामा रेफरल अस्पताल में भरती कराया. सभी का इलाज किया गया. काफी देर बाद होश आया और सभी खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं.
ये हुए बेहोश : जहरीली ताड़ी पीने से बोआरीजोर के दुखा पहाड़िया, मेसी पहाड़िया, रमा पहाड़िया, सूर्या पहाड़िया व देवी पहाड़िन बेहोश हो गये.
