कहा, मांगें पूरी नहीं होने पर जारी रहेगा प्रदर्शन
गोड्डा : मंगलवार को भी मदरसा के शिक्षकों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा. नेतृत्व कर रहे प्रदेश महासचिव हामिद गाजी ने कहा कि उनकी लड़ाई न केवल वेतन को लेकर है. बल्कि अब यह लड़ाई मदरसा को बचाने के लिए भी है. कहा कि धरना तब तक जारी रहेगा जब तक की उनकी एक सूत्री मांग पूरी नहीं हो जाती. उन्हाेंने कहा कि अब यह असल में लड़ाई मदरसा के वजूद को लेकर है. भौतिक सत्यापन के नाम पर मदरसा को बंद करने की साजिश सरकार रच रही है.
जिला सचिव मो शाहजहां ने कहा कि मदरसा शिक्षक सरकार की दमन नीति का जवाब देंगे.उनकी साजिश को कभी भी कामयाब नहीं होने दिया जायेगा. बताया कि शिक्षकों का यह धरना तब तक जारी रहेगा जब तक कि जांच प्रतिवेदन निदेशालय नहीं भेज दिया जाता है. रिपोर्ट नहीं भेजे जाने से ही पूरे राज्य के शिक्षकों का वेतन बंद है. इसके लिए जिला प्रशासन जिम्मेवार है. वहीं दूसरी ओर से हामिद गाजी ने यह भी कहा मांग को लेकर आंदोलन कर रहे शिक्षकों के स्कूलों की जांच करायी जा रही है. जिले के वरीय अधिकारी स्वयं मदरसा की जांच कर रहे हैं. यह साजिश नहीं तो और क्या है.
