आंदोलन . चिकित्सक पर दर्ज एफआइआर वापस लेने की मांग
गोड्डा : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चिकित्सकों ने अपने आंदोलन को तेज कर दिया है. सदर अस्पताल के चिकित्सक एमके टेकरीवाल पर ड्यूटी के दौरान गैरजमानती प्राथमिकी दर्ज करने के मामले को लेकर आइएमए व झासा के संयुक्त आह्वान पर शनिवार को चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों ने काला बिल्ला लगा कर कार्य कर विरोध जताने का काम किया. आइएम सचिव डॉ प्रभा रानी प्रसाद ने बताया कि आंदोलन के पहले कड़ी में सभी चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से काला बिल्ला लगाया गया है.
प्रशासन की पहल का इंतजार किया जा रहा है. मांग है कि सदर अस्पताल के चिकित्सक पर लगाये गये गैरजमानती प्राथमिकी को अविलंब वापस ली जाय. आइएमए व झासा के सदस्यों ने इस मामले में पूरी तरह से आंदोलन करने का निर्णय ले चुकी है. आगे भी आंदोलन जारी रहेगा. इधर, सदर अस्पताल में ऑन डयूटी प्रभारी डीएस डॉ डीके चौधरी, डॉ तारा शंकर झा, डॉ प्रदीप कुमार सिन्हा, डॉ पूजा, डॉ अमोद मिश्र सहित ए ग्रेड नर्स किरण कुमारी, ओटी प्रभारी राजीव झा सहित एएनएम सभी स्टाफ व स्वास्थ्य कर्मियों ने काला बिल्ला लगा कर काम किया.
