मंथर गति से बन रहा पीएम आवास

धीमी चाल . कई प्रखंडों में एक भी आवास नहीं बना गोड्डा : जिले में चल रही प्रधानमंत्री आवास योजना शुरूआती दौर में ही हांफने लगी है. जिस तेज रफ्तार से जिले के अधिकारियों ने इस योजना को पूरा करने के लिये युद्ध स्तर पर प्रयास किया है वह इतने प्रयास के बाद भी संतोषप्रद […]

धीमी चाल . कई प्रखंडों में एक भी आवास नहीं बना

गोड्डा : जिले में चल रही प्रधानमंत्री आवास योजना शुरूआती दौर में ही हांफने लगी है. जिस तेज रफ्तार से जिले के अधिकारियों ने इस योजना को पूरा करने के लिये युद्ध स्तर पर प्रयास किया है वह इतने प्रयास के बाद भी संतोषप्रद तक नहीं है. मालूम हो कि जिले में आवास निर्माण का कुल लक्ष्य 9365 निर्धारित किया गया है लेकिन पूरा मात्र 12 ही किया जा सका है. अर्थात एक प्रतिशत भी विकास की दर आवास निर्माण में जिले के खाते में नहीं आ पायी है.
आवास निर्माण का लक्ष्य दीवाली तक करने पर जोर दिया गया था. हर हाल में लाभुकों को नये घरों में दीवाली में प्रवेश कराना था. पदाधिकारियों ने इसको लेकर एड़ी चोटी एक करने को भी कहा. लेकिन धीरे धीरे काम की रफ्तार घटते ही चली गयी और घटकर बदत्तर हालत में पहुंच गयी. लगभग सभी प्रखंडों की हालत इस योजना में कमोबेश खराब है. कोई भी प्रखंड अपनी पीठ थपथपाने लायक नहीं है. कई प्रखंडों में तो खाता भी नहीं खुला है.
पूरे जिले की हालत खराब है. एक तो योजना को शुरू होने में ही देर हो गयी. लाभुकों का चयन किये जाने के बाद राशि उनके खाते में भेजी गयी. उस पर ही अप्रत्याशित देरी. राशि भेजे जाने की प्रक्रिया का काम मार्च अप्रैल तक विभागीय स्तर पर पूरा कर लिया गया था. लेकिन जिस प्रकार से प्रारंभ कराया गया तथा काम के रफ्तार की जो स्थिति है वह चिंतनीय है.
गरीबों को नहीं मिला आशियाना, झोपड़ी में कट रहा जीवन
गोड्डा का खाता भी नहीं खुला
गोड्डा प्रखंड अपना खाता तक नहीं खोल पाया है. हालांकि विभाग की मानें तो लगभग सभी लाभुकों ने राशि प्राप्त करने के बाद तेजी से काम प्रारंभ कर दिया. परंतु जो स्थिति है कि जितने का लक्ष्य लिया गया है उसमें एक चौथाई योजना को भी पूरा नहीं किया जा सका है. अधिकांश आवास निर्माण का कार्य बहुत से बहुत प्रारंभिक स्तर पर ही हुआ है. मतलब ढलाई कार्य की प्रक्रिया से लाभुक कोसों दूर है. पूरा होने में और दो से तीन महीने का समय लगेगा तब ही निर्माण का लक्ष्य पूरा होगा.
हालात पर नजर
प्रखंड लक्ष्य पूर्ण
महगामा 911 0
बोआरीजोर 1234 7
मेहरमा 928 0
पथरगामा 940 3
पोड़ैयाहाट 1283 0
सुंदरपहाड़ी 642 0
बसंतराय 961 0
ठाकुरगंगटी 1074 2
गोड्डा 1392 0
कुल 9365 12
प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिये युद्धस्तर पर निर्देश दिये गये हैं. सभी प्रखंडों में काम शुरू कर दिया गया है. बालू के उठाव पर रोक लग जाने के कारण ही काम की रफ्तार घट गयी है. जिले में खेती कार्य भी जोर शोर से चल रहा था. इसको लेकर भी रफ्तार में थोड़ी ब्रेक लग गयी है. पुन: चालू कराये जाने का निर्देश सभी प्रखंड के अधिकारियों को दे दिया गया है. अब तेजी से काम किया जा सकेगा. लाभुकों को निर्माण के हिसाब से राशि का भी भुगतान खातों में किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >