Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरिडीह–चैताडीह मार्ग पर चदरा पुल के समीप सोमवार की देर रात करीब साढ़े 12 बजे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर 6 नंबर निवासी अनवर अंसारी के 22 वर्षीय पुत्र तौफिक अंसारी के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार तौफ़ीक़ के शरीर पर चाकू से तीन से चार जगह वार के गहरे निशान पाये गये हैं. घटना को लेकर मृतक के फुफेरे भाई बब्बान अंसारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 12:22 बजे उनके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसमें कहा गया कि कुछ लोग मिलकर तौफ़ीक़ के साथ मारपीट कर रहे हैं. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां तौफ़ीक़ सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला. इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से मामले की सूचना नगर थाना और पचंबा थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. परिजनों के अनुसार अस्पताल लाये जाने के दौरान तौफ़ीक़ होश में था, हालांकि सदर अस्पताल पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया. बब्बन ने बताया की तौफिक को सबसे पहले आसिफ अली ने फ़ोन करके चदरा पुल के पास बुलाया था. इसके बाद वहीं पर किसी बात को लेकर तौफिक की आसिफ व उसके साथ आये लोगों से बहस हो गयी थी. इसके बाद उक्त लोगों ने तौफिक पर हमला कर दिया. पुलिस ने तौफिक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
हत्या मामले में 6 नामजद व 10 अज्ञात पर केस दर्ज, छापामारी जारी : थाना प्रभारी
पचंबा थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इस संबंध में पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मृतक युवक के चचेरे भाई बब्बन अंसारी के आवेदन पर छह नामजद समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है. उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और लगातार छापामारी की जा रही है. इस दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा.मरने से पहले
तौफिक ने वीडियो में उजागर किये हमलावरों के नाम :
मरने से पहले घायल युवक तौफिक अंसारी ने एक वीडियो में अपने ऊपर जानलेवा हमला करने वाले युवकों के नाम बताये थे. मृतक के भाई बब्बन अंसारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो तौफिक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था. उसी दौरान बब्बन अंसारी ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो रिकॉर्ड किया और उससे घटना के बारे में पूछा. वीडियो में तौफिक ने हमला करने वाले कुछ युवकों के नाम बताये. जिन नामों का उसने जिक्र किया, उनमें आसिफ अली, बंटी टाइसन, मोनू पठान, अरशद और मोकम शामिल हैं. तौफिक ने हमले से जुड़ी कुछ जानकारी देने की कोशिश भी की, लेकिन हालत बिगड़ने के कारण वह ज्यादा कुछ नहीं बता सका. इसके बाद इलाज के दौरान अस्पताल में कुछ ही देर में उसकी मौत हो गयी. इधर, मृतक के भाई बब्बन अंसारी ने पुलिस को दिये बयान में कुछ अन्य लोगों के नाम भी जोड़े हैं. उन्होंने शाकिब इकबाल, नूर हसन, गेंदू रवानी उर्फ राहुल समेत कुल 15 अन्य अज्ञात युवकों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. बब्बन अंसारी का कहना है कि यह हमला एक साजिश के तहत किया गया है और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. फिलहाल पुलिस वीडियो और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच में जुट गयी है.
मृतक तौफिक अंसारी हत्या और गोलीबारी के मामलों में जा चुका था जेल :
हत्या की इस सनसनीखेज घटना में एक अहम पहलू मृतक तौफिक अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तौफिक अंसारी के खिलाफ पूर्व से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं और वह एक से अधिक हत्या के मामलों में जेल जा चुका था. बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व गिरिडीह के हुट्टी बाजार में सिपाही की हत्या के मामले में तौफिक अंसारी को जेल भेजा गया था. इसके अलावा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनियाडीह इलाके में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या के मामले में भी वह जेल की सजा काट चुका है. इतना ही नहीं, जमुआ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी की घटना में भी तौफिक अंसारी की संलिप्तता सामने आयी थी. इसके बाद उसे जेल जाना पड़ा था. पुलिस के अनुसार वह कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था. पुलिस का मानना है कि तौफिक अंसारी का आपराधिक बैकग्राउंड होने के कारण हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
जेल के साथी ही बने हत्यारे, भाई ने कहा वे तौफिक के दोस्त थे :
मृतक तौफिक अंसारी के भाई बब्बन अंसारी ने हत्या को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किये हैं. बब्बन अंसारी के अनुसार जिन लोगों के ऊपर तौफिक की हत्या का आरोप लगाया गया है, उनमें से अधिकांश उसके साथ पहले जेल में रह चुके थे. उन्होंने बताया कि जेल में रहने के दौरान तौफिक अपने पैसे से कैंटीन का खाना मंगाकर साथियों को खिलाता था और हर तरह से उनका सहयोग करता था. बब्बन का कहना है कि जेल के भीतर ही सभी के बीच गहरी दोस्ती हो गयी थी. बब्बन अंसारी ने आगे बताया कि जेल से बाहर आने के बाद भी सभी लोग एक साथ ही रहते थे और उनके बीच किसी तरह के विवाद की जानकारी परिवार को नहीं थी. ऐसे में अचानक तौफिक की निर्मम हत्या होना कई सवाल खड़े कर रहा है. उन्होंने कहा कि आखिर किस बात को लेकर उसके ही दोस्त बन चुके लोगों ने उसकी जान ले ली, यह बात न तो उन्हें पता है और न ही परिवार के किसी अन्य सदस्य को. फिलहाल यह सवाल पुलिस जांच का बड़ा विषय बना हुआ है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.