गावां थाना क्षेत्र के जमडार पंचायत के तारापुर स्थित बंद पड़े पत्थर खदान में डूबी लौरिया गांव निवासी सावनी हांसदा का शव गुरुवार को चौथे दिन भी बरामद नहीं हो सका. सोमवार को महिला खदान में डूब गयी थी. घटना के बाद से ही प्रशासन और ग्रामीण शव की तलाश में जुटे हैं. बुधवार को खंडोली से पहुंची टीम ने गोताखोरों की मदद से शव निकालने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद गुरुवार को रांची से एनडीआरएफ की टीम बुलायी गयी.
सुबह सात बजे शुरू हुआ अभियान
गुरुवार सुबह करीब सात बजे बीडीओ महेंद्र रविदास, सीओ अभिषेक कुमार और थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार एनडीआरएफ टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे. टीम ने खदान में महिला की तलाश शुरू की. सुबह से देर शाम तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका.
80 फीट से अधिक गहरी है खदान
बताया गया कि बंद पड़ी पत्थर खदान में 80 फीट से अधिक गहरा पानी है. पानी काफी ठंडा होने के साथ खदान के अंदर बड़े-बड़े पत्थर भी मौजूद हैं. इन परिस्थितियों के कारण एनडीआरएफ के जवानों को तलाशी अभियान चलाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा.
बरामदगी तक जारी रहेगा प्रयास
एनडीआरएफ टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि महिला के बरामद होने तक खोज अभियान जारी रखा जायेगा. घटनास्थल पर सांसद प्रतिनिधि नवीन कुमार, झामुमो नेता इमरान अंसारी, संतोष मरांडी, बलराम मुर्मू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
