Giridih News :अवैध खनन कर पत्थर बेचने के मामले में दो पर केस

Giridih News :लीज अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध तरीके से माइंस संचालन कर पत्थर खनन करने वाले दो धंधेबाजों के विरुद्ध बेंगाबाद थाना में केस दर्ज किया गया है.

खान निरीक्षक विश्वनाथ उरांव के आवेदन पर थाना में कांड (संख्या 20/26) अंकित किया गया है. मानजोरी पंचायत के पालोखरी निवासी गजेंद्र गोस्वामी और संजय दास को आरोपित किया गया. कांड अंकित कर बेंगाबाद पुलिस नामजद आरोपितों गिरफ्तारी में जुट गयी है. वहीं, विभागीय कार्रवाई होने से धंधेबाज खदान को बंद कर फरार हो गये हैं.

लीज अवधि समाप्ति के बाद भी चल रहा था धंधा

मानजोरी पंचायत के मंडरडीह पालोखरी गांव में पूर्व में पत्थर खदान का लीज दिया गया था. गिरिडीह के एक कारोबारी उक्त माइंस का संचालन कर रहे थे. कई वर्ष पूर्व उक्त खदान का लीज समाप्त हो चुका था. इधर, कुछ महीनों से पालोखरी निवासी गजेंद्र गोस्वामी व संजय दास अवैध तरीके से उक्त माइंस का संचालन कर पत्थर निकालकर स्थानीय क्रशरों में कम कीमत पर खपा रहे थे. इससे खनन विभाग को राजस्व की क्षति हो रही थी. वहीं, लीजधारकों को पत्थर बेचने में परेशानी हो रही थी. अवैध तरीके से पत्थर खदान संचालित होने की शिकायत गिरिडीह के पूर्व लीजधारक ने जिला खनन विभाग से की थी. जिला खनन पदाधिकारी को इसकी जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को खान निरीक्षक विश्वनाथ उरांव को जांच के लिए स्थल पर भेजा गया. श्री उरांव ने पालोखरी माइंस की जांच की, तो अवैध तरीके से खदान संचालन की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्होंने खदान संचालित करने वाले लोगों की जांच की. छानबीन में पता चला कि पालोखरी के गजेंद्र गोस्वामी व संजय दास खदान का अवैध तरीके से संचालन कर रहे हैं. इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर अवैध धंधेबाजों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी. बता दें कि बेंगाबाद के कई अन्य स्थानों पर भी अवैध तरीके से पत्थर खदान और क्रशर धड़ल्ले से संचालित है. फिलहाल प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अवैध धंधेबाजों में हड़कंप है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >