Giridih News: जीटी रोड पर अलग-अलग हादसों में वृद्धा समेत दो की मौत

Giridih News: बगोदर थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग महिला समेत दो की मौत हो गयी है. पहली घटना जीटी रोड नेशनल हाईवे हेसला के पास और दूसरी घटना जीटी रोड मंढला के पास घटी.

हेसला निवासी असगर खान (45) पिता अनवर खान सुबह में मस्जिद से नमाज पढ़ने के बाद हेसला के पास जीटी रोड पार कर घर आ रहा था. तभी बगोदर की तरफ से डुमरी की ओर जा रही एक अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया. इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

वहीं दोषी वाहन भागने में सफल रहा. इधर घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गयी. लोगों के सहयोग से उसे इलाज के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर लाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया जहां धनबाद पहुंचते ही रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक बगोदर में रहकर गाड़ी चलाने का काम करता था.

वह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया. मुखिया प्रदीप महतो, पूर्व प्रमुख मुस्ताक अंसारी, पंचायत समिति सदस्य गौतम कुमार, पूर्व मुखिया टेकलाल चौधरी समेत अन्य लोगों ने घटना पर शोक जताया है.

बेटी के घर जा रही थी 80 वर्षीय वृद्धा, ट्रक के चपेट में आकर मौके पर ही तोड़ा दम

इधर, दूसरी घटना जीटी रोड नेशनल हाइवे मंढला के पास की है. यहां पोखरिया गांव की 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला मसोमत सुबत पति तुलो घासी मंढला मोड़ से जीटी रोड को पार कर रही थीं. तभी बगोदर की तरफ डुमरी की ओर जा रही एक ट्रक ने महिला को चपेट में ले लिया.

बताया जाता है कि बुजुर्ग महिला अपनी बेटी के घर बेको जा रही थी. इसी समय सड़क पार करने के दौरान यह हादसा हुआ. बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गयी. सूचना पर बगोदर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटना की जानकारी ली.

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बगोदर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया. घटना की सूचना बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह बगोदर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे जहां युवक और बुजुर्ग महिला की मौत पर दुख जताया है.

कुलगो टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया वृद्धा को टक्कर मारने वाला ट्रक

मंढला के पास वृद्धा को टक्कर मारने के बाद भाग रहे ट्रक की सूचना कुलगो टोल प्लाजा को दिया गया. वहां लोगों के सहयोग से दोषी ट्रक को पकड़ा गया. इधर घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गयी. वहीं घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने बगोदर पुलिस को दी गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >