Giridih News :चोरी कर घर में लगा दी आग, जांच में जुटी पुलिस

Giridih News :मुफस्सिल थानांतर्गत सिहोडीह-पटेलनगर स्थित श्रीराम नगर कॉलोनी में बीते मंगलवार की रात अपराधियों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए पहले चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फिर घर में आग लगा दी.

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. इस बाबत भुक्तभोगी राहुल कुमार ने मुफस्सिल थाना को आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

घर के अंदर तोड़फोड़ भी की

आवेदन के अनुसार भुक्तभोगी सिहोडीह के पटेलनगर–श्रीरामनगर मुहल्ले का निवासी है. प्रार्थी सपरिवार तीन-चार दिन पूर्व सुरजाही पर्व में शामिल होने के लिए बुधुडीह गांडेय गया था. इसी दौरान अपराधी दरवाजा तोड़कर घर में घुस गये और जमकर उत्पात मचाया. सामान की तोड़फोड़ कर जेवरात समेत अन्य कीमती वस्तुओं की चोरी की तथा साक्ष्य मिटाने की नीयत से घर में आग लगा दी. घटना का खुलासा बुधवार की सुबह तब हुआ, जब आसपास के लोगों ने घर से धुआं निकलते देखा. शोर-शराबा होने पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और परिजनों को सूचित किया. भुक्तभोगी के अनुसार आगजनी से घर का काफी सामान नष्ट हो गया है. चोरी गये सामानों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. इधर, घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू : थाना प्रभारी

मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्वयं एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे. प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आपसी दुश्मनी के कारण वारदात को अंजाम दिया गया है. जानबूझकर लगाये जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. बताया कि फिलहाल चोरी हुए अथवा आग से क्षतिग्रस्त हुए सामानों की कीमत का आकलन नहीं किया जा सका है. मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की जांच फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स से भी करायी गयी है. उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किये जाने का प्रयास हो रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >