Giridih News :पाइपलाइन बिछाने के दौरान गलियों की सड़कें हुईं क्षतिग्रस्त

Giridih News :बड़की सरैया नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए बड़ी पानी टंकी का निर्माण हो रहा है. वहीं, वार्डों में पाइपलाइन बिछायी गयी है. लेकिन, इसके बाद भराई इतनी घटिया की गयी है कि लोग परेशान हैं.

पाइप लाइन बिछाने केदौरान जेसीबी मशीन से सड़कों के दोनों ओर खोद दिया गया है. कार्य पूरा होने के बाद खोदे गए हिस्सों को भर दिया गया, लेकिन, भराई इतनी घटिया तरीके से की गयी कि दोनों किनारे मुख्य सड़क से करीब एक फीट ऊंचे हो गये हैं. तोड़ी गयी पीसीसी सड़क के बोल्डर सड़कों पर ही पड़े हुए हैं. इसके कारण पैदल चलना भी दूभर हो गया है. बीते दिनों हुई थोड़ी सी बारिश में ही गलियों का हाल बेहाल हो गया. पानी जमा होने और ऊंचे किनारों के कारण गलियों में चलना मुश्किल हो गया था.

बारिश में समस्या हो जायेगी गंभीर

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि मॉनसून में भारी बारिश हुई तो यह समस्या और गंभीर हो जायेगी. गलियों में पानी भर जायेगा, इससे गुजरने में खासकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. स्थानीय नागरिकों की मानें तो पाइपलाइन बिछाने का काम तो हो गया, परंतु नगर पंचायत क्षेत्र की गलियों की दुर्दशा हो चुकी है. पाइपलाइन बिछाने के दौरान संवेदक के कर्मियों द्वारा बताया गया था कि कार्य पूरा होने पर सड़कों की मरम्मत की जायेगी, परंतु अब तक ऐसा नहीं हो पाया है. थोड़ी बारिश में ही गलियों में पानी और कीचड़ इकट्ठा हो जाता है.

इन वार्डों में होगी अधिक परेशानी

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नगर पंचायत ने संज्ञान नहीं लिया तो बरसात में चंद्रमारणी, मंधनिया, बड़की सरिया, बलीडीह, ठाकुरबाड़ी टोला समेत वार्डों की गलियों में चलना लगभग मुश्किल जायेगा. साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जायेगी. लोगों की मांग है कि नगर पंचायत तत्काल सड़क की सही से मरम्मत करवाये. ऊंचे किनारों को समतल करे और भराई को दुरुस्त करे, ताकि मॉनसून से पहले यह समस्या हल हो सके.

क्या कहती हैं नगर पंचायत अध्यक्ष

इस संबंध में बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष शोभा देवी ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई वार्डों की गलियों की सड़कों को तोड़ा गया है. इसकी मरम्मति के लिए संवेदक से बातचीत की गयी थी. संवेदक ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है. लेकिन, पेयजलापूर्ति बहाल होने तक गलियों की सड़कों को नहीं बनाया जा सकता. लीकेज चेक करने के बाद पूर्व की तरह सड़कों को नये सिरे से बनाया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >