Giridih News : नाबालिगों को बंधक बनाकर देह व्यापार करानेवाले सेक्स रैकेट का भंडाफोड़

Giridih News : पचंबा पुलिस का छापा, मास्टरमाइंड महिला गिरफ्तार, दो नाबालिग बहनें बरामद

Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. पचंबा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर उनसे देह व्यापार करानेवाले सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया है, जबकि इस पूरे धंधे की मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला गांव की नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने का झांसा देकर गिरिडीह शहर बुलाती थी और बाद में उनसे जबरन अश्लील काम करवाती थी. छापेमारी के दौरान दोनों नाबालिगों को पचंबा थाना क्षेत्र के बोडो इलाके से बरामद किया गया.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार को बरामद हुई दोनों नाबालिग लड़कियों ने फोन के माध्यम से सूचना दी थी कि उन्हें वहां जबरन रखकर अश्लील काम कराया जा रहा है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए बोडो इलाके में छापा मारा और दोनों नाबालिगों को मुक्त कराया. पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी. हालांकि पचंबा पुलिस ने सूचना के आधार पर जांच करते हुए उसे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया से गिरफ्तार कर लिया. बरामद नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों सगी जुड़वां बहनें हैं. उन्होंने बताया कि मंगलवार को जब उन्होंने घर जाने की जिद की तो आरोपी महिला ने उनके साथ गाली-गलौज की और बाहर जाने से रोक दिया. घर जाने नहीं दिये जाने पर उन्होंने किसी तरह पुलिस को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी.

काम के बहाने बुलवाकर करवाती थी अश्लील धंधा :

नाबालिग लड़कियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया की उक्त महिला द्वारा उन्हें काम का झांसा दिया गया था, लेकिन काम दिलवाने के बहाने उनसे जबरदस्ती देह व्यापार करवाया जाता था. विरोध करने पर महिला के द्वारा नाबालिगों को प्रताड़ित किया जाता था. नाबालिगों ने बताया कि उनके साथ और भी कई नाबालिग लड़कियों को उक्त महिला द्वारा नौकरी का झांसा देकर लाया जाता था और अलग-अलग जगह भेजा जाता था. बताया गया कि दोनों नाबालिगों को बोड़ो में करीब 15 दिन से रखा गया था.

शातिर तरीके से चलाया जा रहा था देह व्यापार का धंधा :

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला बेहद शातिर तरीके से देह व्यापार का अवैध धंधा चला रही थी. बताया जाता है कि वह पहले किसी शांत और एकांत इलाके को अपना ठिकाना बनाती थी और वहां किराये पर एक कमरा लेकर धंधा शुरू करती थी. सूत्रों के अनुसार आसपास के लोगों को जैसे ही किसी तरह की अवैध गतिविधि की भनक लगती थी, महिला तुरंत अपना ठिकाना बदल लेती थी. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस देह व्यापार के नेटवर्क में महिला अकेली नहीं थी, बल्कि इसमें कई अन्य लोग भी शामिल थे. पुलिस उन सभी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

पूछताछ के बाद किया जायेगा मामले का खुलासा : थाना प्रभारी

पूरे मामले को लेकर पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि एक महिला को हिरासत में लिया गया है, वहीं दो नाबालिग को भी बरामद किया गया है. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है, पूछताछ करने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >