Giridih News : जमुआ.
जमुआ प्रखंड अंतर्गत बदडीहा-दो पंचायत के मुखिया व पंसस पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ दिलाने के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है. इस मामले को लेकर पंचायत की महिलाएं चमेली देवी, मंजू देवी, मदन राय आदि लोगों ने गोलबंद होकर आवास की राशि नहीं मिलने और ठगे जाने का अहसास होने पर जमुआ के बीडीओ से मिलकर लिखित शिकायत दर्ज करायी और न्याय की गुहार लगाई.क्या है पूरा मामला :
मिली जानकारी के अनुसार बदडीहा दो पंचायत की दर्जनों गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को मुखिया द्वारा पक्का मकान स्वीकृत कराने का भरोसा दिया गया था. आरोप है कि इस भरोसे के बदले मुखिया द्वारा ग्रामीणों से मोटी रकम की वसूली गयी. महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर मुखिया को पैसे दिये थे, ताकि उन्हें सिर छुपाने के लिए एक पक्का मकान मिल सके.आवास नहीं मिलने पर फूटा गुस्सा: लंबे समय तक इंतजार के बाद भी जब महिलाओं को आवास योजना का लाभ नहीं मिला, तो उनके सब्र का बांध टूट गया. जब महिलाओं ने मुखिया से अपने पैसे वापस मांगे या आवास के संबंध में पूछताछ की, तो उन्हें टाल-मटोल भरा रवैया देखने को मिला. इसके बाद पंचायत की महिलाएं एकजुट गोलबंद हो गई और मुखिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. आक्रोशित महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल जमुआ प्रखंड मुख्यालय पहुंचा और बीडीओ को आवेदन सौंप कर न्याय की मांग की. बीडीओ अमलजी ने महिलाओं को आश्वस्त किया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करायी जायेगी. यदि मुखिया पर लगे रिश्वतखोरी के आरोप सही पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ पंचायती राज अधिनियम और सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
