जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. लगातार बारिश के कारण जिले की नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है. कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के कारण लोगों को जरूरी काम के लिए घरों से निकलने में भी दिक्कत हो रही है.
कच्ची सड़कों पर जमा हुआ पानी और कीचड़
लगातार बारिश का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है. कच्ची सड़कों और संपर्क मार्गों पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो गया है. इससे पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है. कई ग्रामीण इलाकों में सड़कों की स्थिति पहले से खराब होने के कारण बारिश के बाद समस्या और बढ़ गयी है.
नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.
बारिश के बाद निखरी पर्यटन स्थलों की खूबसूरती
एक ओर लगातार बारिश से आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है, वहीं दूसरी ओर जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की खूबसूरती निखर गयी है. पहाड़ी क्षेत्रों और जलप्रपातों में पानी का बहाव बढ़ने से प्राकृतिक दृश्य और आकर्षक हो गये हैं.
बारिश के बाद पारसनाथ क्षेत्र समेत जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों और वाटरफॉल में बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी पहुंच रहे हैं. लोग पहाड़ों और जलप्रपातों के मनमोहक नजारों का आनंद ले रहे हैं.
हालांकि जलप्रपातों और नदी क्षेत्रों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. तेज बहाव वाले स्थानों के समीप जाने से बचने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है.
