गावां प्रखंड के जमडार पंचायत स्थित तारापुर के पास बंद पड़े पत्थर खदान में डूबी महिला का शव तीसरे दिन भी बरामद नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को पटना चौक जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन प्रभावित हो गया.
जानकारी के अनुसार लौरिया गांव निवासी सावनी हांसदा (52) सोमवार को बंद पड़े पत्थर खदान में डूब गयी थीं. बताया जाता है कि खदान में करीब 80 फीट से अधिक गहराई तक पानी भरा हुआ है. घटना के बाद से महिला की तलाश की जा रही है, लेकिन तीसरे दिन भी शव बरामद नहीं हो सका.
प्रशासनिक पहल नहीं होने से बढ़ा आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के बाद प्रशासन की ओर से शव निकालने के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गयी. इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने पटना चौक को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की.
मौके पर पहुंचे सीओ और थाना प्रभारी
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सीओ अभिषेक कुमार और थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ पटना चौक पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया.
एनडीआरएफ पहुंचने के आश्वासन पर हटा जाम
वार्ता के दौरान सीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बुधवार को अपराह्न तीन बजे तक एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच जायेगी और शव की तलाश शुरू करेगी. प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो सका.
