निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न करायी जायेगी. प्रपत्र–पांच में निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन 28 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे किया जायेगा. नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 29 जनवरी से चार फरवरी 2026 तक चलेगी. नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा पांच फरवरी को की जायेगी, अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि छह फरवरी और निर्वाचन प्रतीक का आवंटन सात फरवरी को किया जाएगा. यदि आवश्यकता पड़ी तो मतदान 23 फरवरी 2026 को प्रातः सात बजे से शाम पांच बजे तक कराया जायेगा. मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः आठ बजे से शुरू होगी. इस दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. इसमें गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुआ, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विषपुते, डीआरडीए निदेशक रंथु महतो, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), जिला नजारत उप समाहर्ता और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शामिल थे.
आज से पूरे नगर निकाय क्षेत्र में धारा 144 लागू
उपायुक्त ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आज से पूरे नगर निकाय क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गयी है. इसके तहत किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, जुलूस, रैली, सभा या भीड़ जुटाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा बिना अनुमति किसी भी चुनावी गतिविधि या सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिला स्तर से पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जायेगी. मतदान केंद्रों, मतगणना स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल के साथ-साथ दंडाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया जाएगा. संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर पूरी निगरानी रखी जाएगी. प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करेंगे, साथ ही कंट्रोल रूम एवं निगरानी तंत्र के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति उत्पन्न न हो.
नामांकन प्रक्रिया के लिए अलग-अलग कार्यालय चिह्नित
नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग कार्यालय चिह्नित किये हैं. अध्यक्ष पद के अभ्यर्थियों के लिए अपर समाहर्ता कार्यालय समाहरणालय गिरिडीह, बड़की सरैया नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए अनुमंडल कार्यालय, बगोदर–सरिया और धनवार नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय निर्धारित किया गया है. गिरिडीह नगर निगम और अन्य नगर पंचायतों के विभिन्न वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया संबंधित प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में संपन्न कराई जाएगी. सभी नामांकन केंद्रों पर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गयी है, ताकि निर्धारित समय और तिथि के भीतर प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके.
