डुमरी-गिरिडीह मुख्य सड़क पर डुमरी थाना क्षेत्र के जामताड़ा के समीप रविवार को एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में सड़क किनारे खड़ी करीब 50 वर्षीय उमिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. उमिया देवी जामताड़ा पंचायत के हरिजन टोला निवासी चरकू रविदास की पत्नी हैं. हादसे में पिकअप वैन चालक विजय महतो, निवासी चंद्रपुरा, कंचनगढ़ भी घायल हुआ है.
बैरियर में टक्कर के बाद अनियंत्रित हुआ वाहन
जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन डुमरी से गिरिडीह की ओर जा रही थी. जामताड़ा के समीप चालक ने सड़क पर लगे बैरियर में टक्कर मार दी. इसके बाद चालक वाहन लेकर वहां से भागने का प्रयास करने लगा. इसी दौरान पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी और सड़क किनारे खड़ी उमिया देवी इसकी चपेट में आ गयीं.
महिला के पैर में लगी गंभीर चोट
हादसे में उमिया देवी के पैर में गंभीर चोट लगी है. घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया. वहीं हादसे में चालक विजय महतो को भी चोट लगी है.
चालक के नशे में होने की चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय पिकअप वैन चालक नशे में था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद डुमरी पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने पिकअप वैन चालक को हिरासत में ले लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटायी जा रही है.
