Giridih News :प्रचंड गर्मी में पानी के जुगाड़ में लोगों का छूट रहा पसीना

Giridih News :प्रचंड गर्मी में नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों के मोहल्लों में पेयजल की किल्लत हो गयी है. पानी का जुगाड़ करने में लोगों का पसीना छूट रहा है. नगर निगम क्षेत्र के प्राय: सभी वार्डों के मोहल्लों में पेयजल की समस्या है.

प्रचंड गर्मी में नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों के मोहल्लों में पेयजल की किल्लत हो गयी है. पानी का जुगाड़ करने में लोगों का पसीना छूट रहा है. नगर निगम क्षेत्र के प्राय: सभी वार्डों के मोहल्लों में पेयजल की समस्या है. नगर निगम क्षेत्र में 36 वार्डों में से कई वार्डों में पाइप लाइन नहीं बिछायी गयी है. जहां पाइपलाइन है, वहां पर सही मात्रा में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. गर्मी के दिनों में पानी की खपत बढ़ जाती है, लेकिन उस अनुरूप जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को कठिनाई हो रही है. खासकर महिलाओं के समक्ष स्थिति विकट है. खाना बनाने से लेकर नहाने और कपड़ा धोने तक के लिए जिस मात्रा में पानी की जरूरत होती है, वह उपलब्ध नहीं होने से लोगों में नाराजगी पनप रही है.

ये क्षेत्र अधिक प्रभावित

पचंबा, बिशनपुर, बोड़ो, शिवपुरी, भंडारीडीह, बक्शीडीह, चैताडीह, झिंझरी मोहल्ला, बरवाडीह, बाभनटोली, कोलडीहा, मकतपुर, बरमसिया समेत अन्य इलाकों में पेयजल की समस्या है. हालांकि कई घरों में बोरिंग की व्यवस्था रहने के कारण उनलोगों को कठिनाई नहीं होती है. परंतु, जो सिर्फ सप्लाई पानी के भरोसे हैं, वे लोग सुबह में पानी की जुगाड़ में निकल जाते हैं. बता दें कि नगर निगम क्षेत्र में खंडोली वाटर ट्रीटमेंट प्लांट वन व टू, चैताडीह वाटर व महादेव तालाब वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की आपूर्ति होती है. नगर निगम सूत्रों के मुताबिक चारों प्लांट दुरुस्त है. हालांकि, चैताडीह चानक में जलस्तर नीचे चला गया है, जिसके लिए अतिरिक्त पाइप लगाने का कार्य किया जा रहा है. बताया गया कि लो वोल्टेज की वजह से मोटर पंप कम समय चल पा रहा है, जिसके कारण पानी टंकी में पानी स्टोर करने में देरी हो रही है. इसके कारण सामान्य जलापूर्ति नहीं हो पा रही है. सूत्र बताते हैं कि नगर निगम क्षेत्र की आबादी बढ़ी है, लेकिन उसके अनुरूप जलापूर्ति के संसाधन दुरुस्त नहीं हो पाये हैं. कई लोग टुलू पंप का उपयोग करते हैं. इसके सभी मोहल्लों तक समुचित पानी नहीं पहुंच पाता है.

पेयजल व बिजली संकट से जनता त्रस्त, सुविधा देने में राज्य सरकार फेल : महादेव

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे ने कहा कि गिरिडीह की जनता पेयजल व बिजली संकट से त्रस्त है. जनता को सुविधा उपलब्ध कराने में राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है. बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं व शिक्षा व्यवस्था हर क्षेत्र में सरकार की निष्क्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है. गिरिडीह में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. वहीं, पेयजल संकट के कारण जनता को परेशानी हो रही है. लोग पानी के लिए त्राहिमाम कर रहे हैं. उन्होंने राज्य सरकार व जिला प्रशासन से मांग की कि गिरिडीह में बिजली आपूर्ति को अविलंब नियमित की जाये. लोगों पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाये. यदि दोनों समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी.

पेयजल समस्या समाधान को लेकर स्पेशल ड्राइव चलाये नगर निगम : संजय

जिला 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सह झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि तापमान बढ़ने से बिजली आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है. ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न होती है. गर्मी में जलस्तर नीचे चला जाता है. पानी की खपत ज्यादा होती है. इस स्थिति में भी कई लोग पानी का बेजा इस्तेमाल करते हैं. कहा कि पानी की बर्बादी करने से लोगों को परहेज करना चाहिए. नगर निगम को स्पेशल ड्राइव चलाकर राइजिंग पाइप से अवैध कनेक्शन लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत है. होटलों व गैराजों में पानी का अनावश्यक उपयोग बंद होना चाहिए. शहर की आबादी काफी बढ़ गयी है. श्री सिंह ने कहा कि राज्य के नगर विकास व आवास विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू शहरी जलापूर्ति व्यवस्था को दुरूस्त करने के कार्य में लगे हुए हैं. तीन सौ करोड़ की जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारने का प्रयास चल रहा है. जिन इलाकों में पेयजल की समस्या है, वहां निगम टैंकर से पानी की सप्लाई करे.

अनियमित विद्युतापूर्ति व लो-वोल्टेज से हो रही है परेशानी : उप नगर आयुक्त

नगर निगम के उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि गर्मी में अनियमित विद्युतापूर्ति व लो वोल्टेज के कारण परेशानी हो रही है. लो-वोल्टेज की वजह से वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों में लगे मोटर पंप चलाने में दिक्कती हो रही है. चैताडीह वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में जलस्तर नीचे जाने पर पाइप लगवाया गया है. कहा कि गर्मी के मद्देनजर शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति का बेहतर प्रयास किया जा रहा है. खराब चापाकलों को युद्ध स्तर पर मरम्मति कराने का आदेश दिया गया है. टैंकर से भी पानी की आपूर्ति की जा रही है. उन्होंने कहा कि राइजिंग पाइप में अवैध कनेक्शन को लेकर अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. गलत तरीके से राइजिंग पाइप से कनेक्शन लेने वालों का कनेक्शन काटा जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >