कुछ ही दिन पूर्व पचंबा थाना के एक मामले में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाये जाने का मामला सामने आया था. बताया जाता है कि नगर निगम चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच फायरिंग की घटना घटी थी और पथराव भी हुआ था. इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जिसमें से चार लोग पिछले दिनों जमानत पर छोड़े गये थे. हालांकि, इन चारों आरोपियों को पचंबा पुलिस ने पुन: जेल से निकलने के दौरान ही गिरफ्तार कर लिया और फिर जेल भेज दिया.
आरोपितों को रिमांड पर नहीं लिया
बताया जा रहा है कि इस मामले में प्रशांत कुमार सिंह अनुसंधानकर्ता थे और उन्होंने इससे पहले आरोपियों को रिमांड पर नहीं लिया. यह प्रतीक्षा की जा रही थी कि जब गोली कांड में आरोपी जमानत लेंगे, तो उसके बाद उन्हें पुन: गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जायेगा. योजनाबद्ध तरीके से जेल से निकलते ही चारों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया. इस मामले में पेशी के दौरान आरोपियों के परिजनों और उनके समर्थकों ने कोर्ट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया था. आरोप लगाया गया था कि एक पक्ष से प्रभावित होकर पुलिस काम कर रही है. कई लोगों ने दूसरे पक्ष के वाहनों का पुलिस द्वारा उपयोग किये जाने का भी आरोप लगाया और इसकी शिकायत पूर्व में भी एसपी से की गयी थी.
एसपी ने कहा
एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि जांच के क्रम में प्रथम दृष्टया में लापरवाही का मामला सामने आया है. इसके कारण प्रशांत कुमार को निलंबित कर दिया गया. एसपी ने कहा कि आरोपों की विभागीय जांच भी करायी जायेगी.
