प्रखंड प्रमुख अनुपम देवी ने कहा कि सीओ पंसस की बैठक में भाग लेना उचित नहीं समझते हैं. अभी तक एक भी बैठक में वे उपस्थित नहीं हुए. वर्तमान समय में अंचल कार्यालय में म्यूटेशन व ऑनलाइन प्रविष्टि कार्य के लिए रैयतों को चक्कर लगाना पड़ रहा है. बिचौलिए के इशारे पर ही ऑनलाइन प्रविष्टि, म्यूटेशन व अन्य कार्य हो रहा है.
अंचल कार्यालय में बिचौलियों की चलती है
मारुडीह के पंसस रामदेव चौधरी व जमखोखरो के मुखिया जितेंद्र शर्मा ने अंचल कार्यालय की ऑनलाइन प्रविष्टि व म्यूटेशन कार्य में बिचौलियों की मनमानी को लेकर असंतोष जताया. सलयडीह उर्फ खोरोडीह के पंसस रिंकू यादव ने समिति सदस्यों के द्वारा पंचायतों में 15वें वित्त से हुये कार्यों की सूची उपलब्ध करवाने की मांग की. कहा कि महीनों बाद भी सूची उपलब्ध नहीं करवायी गयी है. भेलवाघाटी के मुखिया विकास कुमार ने मनरेगा कर्मियों की हड़ताल के बाद योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर की गयी वैकल्पिक व्यवस्था को सुदृढ़ कर योजनाओं में मजदूरों को काम उपलब्ध करवाने की मांग की. कहा कि मनरेगा कर्मियों की हड़ताल से योजनाओं का क्रियान्वयन ठप हो गया है. मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है. हरला के पंसस कृष्णा दास ने कहा कि प्रखंड मुख्यालय से अधिकारियों व कर्मचारियों के लगातार गायब रहने पर समस्याओं को लेकर प्रखंड मुख्यालय पहुंचनेवाले फरियादियों की समस्याओं का निदान नहीं हो पा रहा है.
ये थे उपस्थित
बैठक में बीडीओ कुमार बंधु कच्छप, भेलवाघाटी के थाना प्रभारी निरंजन कच्छप, बीपीआरओ राधेश्याम राणा, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सूरज कुमार, बीएचओ डॉ रंजीत सोरेन, एमओ विवेक कुमार, बीसीओ श्रीकांत कुमार, बीएओ संजय साहू, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सन्नी कुमार, मुखिया बाबूमणि सिंह, पंसस रामचंद्र साव, अविनाश सिंह, रामजी यादव, आदि मौजूद थे.
