Giridih News :प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी : डीसी

Giridih News :तीन फरवरी से प्रारंभ होने वाली मैट्रिक व इंटर परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीसी रामनिवास यादव ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

डीसी ने परीक्षा संचालन को लेकर कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रश्न पत्र व उत्तर पुस्तिकाओं को सीसीटीवी निगरानी में सुरक्षित रखा जाये. साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

सीसीटीवी की निगरानी में होगी परीक्षा

डीसी ने कहा कि परीक्षा का संचालन पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी में किया जाएगा. प्रश्न पत्र ले जाने वाले दंडाधिकारी एवं पुलिस बल अपने-अपने प्रखंड के स्ट्रांग रूम से समय पर प्रश्न पत्र व उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त कर परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व संबंधित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे. परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रूप से संबंधित कोषागार में जमा कराया जायेगा. उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा जारी दिशा- निर्देशों का गहन अध्ययन कर उसके अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियों का पूर्व मूल्यांकन कर लिया जाये. साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था तथा परीक्षा के दिन एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. डीसी ने बताया कि जिले में मैट्रिक के परीक्षार्थियों की संख्या 40,827 व इंटर के परीक्षार्थियों की संख्या 27,137 है. मैट्रिक के लिए 95 केंद्र एवं इंटर के लिए 63 केंद्र बनाये गये हैं.

कमियों को तत्काल दूर करें : डीडीसी

डीडीसी स्मृता कुमारी ने सभी केंद्राधीक्षकों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य इस परीक्षा से जुड़ा हुआ है. इसलिए शांतिपूर्ण, पारदर्शी व कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा संपन्न कराना सभी संबंधित पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.

यूनिफॉर्म में आयें परीक्षार्थी

डीडीसी ने कहा कि परीक्षार्थियों की परीक्षा प्रारंभ होने के आधा घंटा पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर विद्यालय यूनिफॉर्म में पहुंचना अनिवार्य होगा. निर्धारित समय के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी. परीक्षा केंद्र के 100-200 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की संभावना ना रहे. प्रथम पाली में माध्यमिक व द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा होगी. मैट्रिक परीक्षा सुबह 09:45 से अपराह्न एक बजे तक और इंटर (कला, विज्ञान व वाणिज्य) की परीक्षा अपराह्न दो से 05:15 बजे तक होगी. परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें, आवश्यक कागजात साथ रखें और पूरी एकाग्रता अनुशासन के साथ परीक्षा में शामिल हों. परीक्षा को कदाचार मुक्त व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

सरिया में छह केंद्रों पर होगी मैट्रिक व इंटर की परीक्षा

जैक की मैट्रिक व इंटर परीक्षा को लेकर सरिया में छह परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इनमें प्लस टू एसआरएसएसआर हाई स्कूल सरिया तथा बालिका उच्च विद्यालय सरिया में मैट्रिक तथा इंटर का केंद्र बनाया गया है. सरिया इंटर महाविद्यालय, संत मेरी पब्लिक स्कूल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय कैलाटांड़, प्लस टू उच्च विद्यालय केसवारी तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय बागोडीह में सिर्फ मैट्रिक की परीक्षा होगी. इस बाबत प्लस टू एसआरएसएसआर उच्च विद्यालय सरिया के केंद्राधीक्षक खूबलाल पंडित ने बताया कि परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >