Giridih News :जेपीएससी : कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से पीटी संपन्न

Giridih News :जेपीएससी की ओर से आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गयी. परीक्षा को ले जिला प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में था.

प्रशासनिक स्तर पर की गयी सख्त निगरानी और बेहतर समन्वय का असर था कि कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की कोई सूचना नहीं मिली. दो पालियों की इस परीक्षा के लिए जिले भर में कुल 43 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे. पहली पाली में 7861 उपस्थित तथा 7749 अनुपस्थित थे, जबकि दूसरी पाली में 7849 उपस्थित व 7806 अनुपस्थित थे.

डीसी ने खुद संभाली कमान, केंद्रों का किया निरीक्षण

परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं लगातार अधिकारियों के साथ मॉनिटरिंग करते रहे. उन्होंने न केवल कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर बनाए रखी, बल्कि खुद भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. इस दौरान अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, प्रश्न पत्रों की गोपनीयता तथा परीक्षा की निष्पक्षता से जुड़े पहलुओं की गहन समीक्षा की. उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों. केंद्राधीक्षकों और दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को तनावमुक्त व सुरक्षित माहौल देना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि वे बिना किसी दबाव के परीक्षा दे सकें.

हर केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस बल रहे तैनात

परीक्षा को कदाचारमुक्त रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात थे. प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिली. मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर पूरी तरह रोक थी. कदाचार पर रोक लगाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था थी. संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गयी. जोनल मजिस्ट्रेट और गश्ती दल लगातार केंद्रों का भ्रमण करते रहे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहे.

परीक्षा समाप्त होते ही सड़कों पर शुरू हो गया जाम

परीक्षा देकर केंद्रों से अभ्यर्थी के बाहर निकलते ही शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गयी. देखते-देखते पूरा शहर जाम की गिरफ्त में आ गया. मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. इससे आम लोगों के साथ-साथ बाहर के एवं दूरदराज के इलाकों के परीक्षार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. जाम का असर केवल शहर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गिरिडीह–टुंडी रोड, गिरिडीह–डुमरी रोड, गिरिडीह–पचंबा रोड और गिरिडीह–बेंगाबाद रोड पर भी यातायात बुरी तरह प्रभावित रही. इन मार्गों पर घंटों तक वाहन रेंगते नजर आये. कई स्थानों पर हालात ऐसे बन गये कि दोपहिया, चारपहिया एक साथ फंस गये. इससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गयी. जाम के कारण परीक्षा देकर लौट रहे परीक्षार्थियों को अपने घर या बस स्टैंड तक पहुंचने में काफी देर लगी. दैनिक काम से निकलने वाले लोग, भीषण गर्मी के बीच लोगों को घंटों तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा. काफी देर बाद यातायात पुलिस की पहल पर धीरे-धीरे जाम सामान्य हो सका.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >