जमुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में गिरिडीह जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को बाल गृह भेज दिया गया.
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, जमुआ थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए जमुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने नाबालिग और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी थी. पुलिस उनकी बरामदगी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी.
इसी दौरान पुलिस को दोनों के संबंध में गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग और आरोपी युवक को बरामद कर लिया.
नाबालिग का कराया गया मेडिकल परीक्षण
बरामदगी के बाद पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया. इसके बाद न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की गयी. वहीं, आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
नाबालिग होने के कारण उसकी सुरक्षा और बाल कल्याण समिति के निर्देशों के अनुसार उसे बाल गृह भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
