एसडीएम के नेतृत्व में अवैध पत्थर खदान पर छापा, पोकलेन व ट्रैक्टर के इंजन जब्त

बेंगाबाद के साठीबाद में अवैध पत्थर खदान पर एसडीएम ने छापेमारी की। मौके से पोकलेन, ट्रैक्टर इंजन और अन्य उपकरण जब्त किए गए। संचालक की तलाश जारी है।

गेनरो पंचायत के साठीबाद गांव में संचालित अवैध पत्थर खदान के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. एसडीएम धीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने छापेमारी कर एक पोकलेन, दो ट्रैक्टर के इंजन, डीजल पंप, तार सहित अन्य सामान जब्त किये. कार्रवाई के दौरान खदान संचालक मौके से फरार हो गया. प्रशासन उसकी पहचान कर प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी में जुटा है.

स्थानीय क्रेशरों में खपाया जा रहा था बोल्डर

प्रशासन को सूचना मिली थी कि साठीबाद में लंबे समय से अवैध तरीके से पत्थर खदान का संचालन किया जा रहा है. यहां से निकाले गये बोल्डर को स्थानीय क्रेशरों में खपाये जाने की जानकारी मिली थी. सूचना के बाद एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दलबल के साथ खदान पर छापेमारी की.

विस्फोट की तैयारी के भी मिले संकेत

छापेमारी के दौरान एक खदान बंद मिली, जबकि बगल में संचालित दूसरे खदान में पोकलेन, ड्रिलर मशीन और ट्रैक्टर के इंजन मिले. खदान से पानी निकालने के लिए डीजल पंप लगाया गया था. अधिकारियों को कई मीटर तार भी मिले, जिससे जिलेटिन के जरिए पत्थर तोड़ने की तैयारी किये जाने के संकेत मिले. हालांकि, अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही खदान संचालक व अन्य धंधेबाज मौके से फरार हो गये.

जब्त सामान थाना में रखने का निर्देश

एसडीएम ने जब्त सामानों को जिला खनन पदाधिकारी को सौंपते हुए जब्ती सूची तैयार कर उसे थाना में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया. खान निरीक्षक विश्वनाथ उरांव ने बताया कि एक पोकलेन, दो ट्रैक्टर के इंजन, एक डीजल पंप, तार समेत अन्य सामान जब्त किये गये हैं. उन्होंने कहा कि खदान संचालक की पहचान कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी.

टीम में ये अधिकारी थे शामिल

छापेमारी टीम में एसडीएम धीरेन्द्र कुमार के अलावा खान निरीक्षक विश्वनाथ उरांव, सीओ सफी आलम, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, एसआई जगन्नाथ पान सहित पुलिस जवान शामिल थे. कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >