Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. किसानों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भाजपा ने बुधवार को जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम बीडीओ को मांग-पत्र सौंपा. गिरिडीह प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन के दौरान किसानों के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. धरना को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि हेमंत सरकार की गलत एवं किसान विरोधी नीतियों के कारण यहां के किसान कई समस्याओं से जूझ रहे हैं. एक तो प्राकृतिक आपदा से किसान यूं ही परेशान हैं. उपर से राज्य सरकार की गलत नीतियां किसानों के जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है. कहा कि हेमंत सरकार किसानों के मुद्दे पर संवेदनहीन साबित हुई है. भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य की गठबंधन सरकार ने चुनाव पूर्व किसानों को लेकर कई बड़े-बड़े वादे किये थे. उन वादों को पूरा करने में हेमंत सरकार नाकाम साबित हुई है. मुख्य वक्ता सह पूर्व जिलाध्यक्ष यदुनंदन पाठक ने कहा राज्य में खनिज संपदाओं की लूट मची हुई है. किसान परेशान हैं और राज्य सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है. भाजपा नेता चुन्नूकांत ने कहा कि जिले के किसान कई समस्याओं से जूझ रह हैं. राज्य सरकार इन समस्याओं का प्राथमिकता के तहत समाधान करे. भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने कहा कि चुनाव के समय किसानों से किये गये वादे सिर्फ घोषणा तक सीमित है. उन्होंने कहा कि 32 सौ रुपया प्रति क्विंटल धान खरीद का वादा हो, किसानों की ऋण माफी का मुद्दा हो या खाद-बीज की उपलब्धता, हर मोर्चे पर राज्य सरकार विफल रही है. मौके पर कार्यक्रम प्रभारी अरुण हाजरा, विनय सिंह, मुकेश जालान, डॉ शैलैंद्र चौधरी, नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा, मंडल अध्यक्ष खिरोधर दास, मनोहर यादव, राजेश गुप्ता, कुंदन सिंह, मनोज पांडेय, सुभाषचंद्र सिन्हा, संगीता सेठ, अनूप सिन्हा, राजेश जायसवाल, सुमन सिन्हा, मिथुन चंद्रवंशी, विक्की गुप्ता, मनोज जोशी, इनोद साव, टिंकू सिन्हा, समीर दीप आदि उपस्थित थे. धरना के पश्चात राज्यपाल के नाम बीडीओ को एक ज्ञापन सौंपा गया. इसके जरिये किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 32 सौ रुपया प्रति क्विंटल करने, सभी किसानों को धान के बकाये राशि का भुगतान अविलंब करने, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों को हुए नुकसान को लेकर उचित मुआवजा देने एवं किसानों को सब्सिडी पर खाद-बीज व कृषि उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गयी.
Giridih News : किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रही है हेमंत सरकार
Giridih News :किसानों की समस्याओं को ले प्रखंड कार्यालयों में भाजपा का धरना-प्रदर्शन
