Girirdih News : जलापूर्ति शुरू होने तक जारी रहेगा धरना

Girirdih News : बीडीओ व पेयजल विभाग के जेइ ने ग्रामीणों से की वार्ता, पर नहीं बनी बात, पानी टंकी चालू कराने की मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरना रहा जारी

बिरनी, बिरनी प्रखंड के बाराडीह पंचायत में 11 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बनी पानी टंकी से दो वर्ष से बंद जलापूर्ति को चालू कराने की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना तीसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा. सोमवार की शाम सात बजे बीडीओ फणीश्वर रजवार, पेयजल विभाग के कनीय अभियंता अजय रजवार धरनास्थल पहुंचे. धरना पर बैठे ग्रामीणों से वार्ता की, पर बात नहीं मानी. इसके बाद वे लोग वहां से लौट गये.

कब होगी जलापूर्ति, लिखित दे अधिकारी

धरनार्थी बबलू यादव व अशोक वर्मा ने बताया कि बीडीओ ने कहा कि पानी टंकी को चालू करने में लगभग 20-25 दिन लग जायेंगे. इस पर हमलोगों ने कहा कि कई गांवों में पाइप के गलत तरीके से बिछाने के कारण अब तक पानी नहीं पहुंच पाया है. उसे दुरुस्त कराया जाय. साथ ही लिखित रूप से दें कि कब तक जलापूर्ति शुरू की जायेगी. उक्त समय तक इसे चालू नहीं किया जाता है, तो ग्रामीण फिर क्या करेंगे. इस पर लिखित मांगा गया, पर बीडीओ ने नहीं दिया. कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीण अपने हक अधिकार के लिए अनिश्चितकालीन धरना पर बैठेंगे. जब तक कोई ठोस पहल नहीं होती है, धरना जारी रहेगा.

वरीय अधिकारी के निर्देशानुसार किया जायेगा कार्य

बीडीओ ने कहा कि ग्रामीणों से मिलकर धरना समाप्त करने को कहा गया, लेकिन उनलोगों की मांग है कि काम को शुरू कराया जाय व लिखित दिया जाय जो अभी संभव नहीं है. वरीय पदाधिकारी को सूचित किया गया है. वहां से निर्देश मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जायेगी. पेयजल विभाग के जेइ ने कहा कि नदी में बने कूप में भरे बालू को निकालने के लिए स्टीमेट बनाया गया है, जिसे विभाग के पास जमा कर दिया गया है. अब तकनीकी समस्या भी सामने दिख रही है. इसका स्टीमेट नहीं बना है. वरीय अधिकारी के निर्देश के अनुसार कार्य किया जाएगा.

आंदोलन को मिला समर्थन

धरना पर अशोक कुशवाहा, सुनील यादव, नरेश यादव, प्रकाश ठाकुर, मुकेश यादव, पप्पू यादव, कुंदन राउत, जयकुमार वर्मा, रामचंद्र यादव समेत कई लोग शामिल हैं. वहीं धरना के तीसरे दिन आजसू नेता अमित गुप्ता, अनिल रजक, कंचन राय समेत कई लोगों ने वहां बैठे लोगों से मिलकर आंदोलन को समर्थन दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >