साइबर अपराध मामले में वारंटी चुरामन मंडल को गिरफ्तार करने गयी साइबर पुलिस पर अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में ससुरालवालों व ग्रामीणों ने पथराव कर दिया. घटना बुधवार देर रात की है. लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया. पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गये. वहीं, पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया. चुरामन मंडल चामलिटी गांव का रहनेवाला है. वह अपनी ससुराल चिकसोरिया आया था. पुलिस ने बताया कि साइबर क्राइम मामले में चुरामन मंडल की तलाश है. बुधवार को सूचना मिली कि चुरामन अपनी सुसराल आया है. सूचना पर साइबर थाना गिरिडीह के इंस्पेक्टर रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में छह सदस्यीय पुलिस टीम चुरामन को पकड़ने चिकसोरिया पहुंची. टीम उसे गिरफ्तार कर वाहन में बैठा ली. इस बीच आरोपी के रिश्तेदारों व ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला बोल दिया. पुलिस जब तक संभलती, ससुरालवाले व ग्रामीण चुरामन मंडल को छुड़ा ले गये.
अहिल्यापुर थाना में 33 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
गांडेय इंस्पेक्टर कमलेश पासवान ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद स्थानीय ग्रामीणों व रिश्तेदारों ने विरोध किया और पथराव कर आरोपित को भागने में सहयोग किया. पथराव से पुलिस वाहन जेएच 11जे 9789 क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गये. बताया कि मामले में कांड संख्या-21/2026 दर्ज किया गया है. इसमें 18 लोग नामजद और 15 अज्ञात आरोपी बनाये गये हैं. इधर, पथराव कर आरोपी को छुड़ाने की घटना को अहिल्यापुर थाना पुलिस ने गंभीरता से लिया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गुरुवार को साइबर थाना पुलिस व अहिल्यापुर पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया. हालांकि, आरोपी चुरामन मंडल पुलिस के हाथ नहीं लगा.
