इस दौरान गावां में संचालित मिशिका नर्सिंग होम एवं जीवन नर्सिंग होम में छापेमारी की गयी. जीवन नर्सिंग होम में तैनात कर्मी कोई कागजात नहीं दिखा सका. चिकित्सा पदाधिकारी ने संचालक से 24 घंटे में नर्सिंग होम संचालन संबंधी जरूरी वैध कागजात मुहैया कराने का निर्देश दिया.
ऑपरेशन के लिए बाहर से बुलाये जाते हैं चिकित्सक
छापेमारी के दौरान पता चला कि जीवन नर्सिंग होम में रात में एक ऑपरेशन भी किया गया था. मरीज नर्सिंग होम में ही भर्ती भी था. नर्सिंग होम में संचालक मौजूद नहीं था. संचालित केंद्रों में चिकित्सक व आवश्यक सुविधाएं भी नदारद थीं. पूछताछ में कर्मियों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर नवादा, पटना आदि स्थानों से चिकित्सकों को बुलाकर ऑपरेशन आदि किया जाता है. हालांकि गावां के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए नर्सिंग होम संचालन के लिए 24 घंटे नर्सिंग होम में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा.
वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया, तो कार्रवाई : डॉ नवीन कुमार
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नवीन कुमार ने कहा कि दो नर्सिंग होमों में छापेमारी की गयी है. नर्सिंग होम चलाने से संबंधित वैध कागजात मांगे गये हैं. वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी. अवैध रूप से नर्सिंग होम, क्लिनिक आदि चलाने वालों पर कार्रवाई की जायेगी.
