गिरिडीह. भ्रष्टाचार के खिलाफ धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए गिरिडीह साइबर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. एसीबी की टीम ने साइबर थाना के गेट के समीप कार्रवाई की. गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. कार्रवाई पूरी करने के बाद एसीबी की टीम गिरफ्तार सब इंस्पेक्टर को अपने साथ धनबाद ले गयी.
शिकायत के बाद एसीबी ने कराया सत्यापन
जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम के खिलाफ धनबाद एसीबी से रिश्वत मांगने की शिकायत की गयी थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया. सत्यापन में शिकायत सही पाये जाने के बाद एसीबी ने रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर को पकड़ने की योजना तैयार की.
तय रकम लेकर साइबर थाना पहुंचा शिकायतकर्ता
बुधवार को शिकायतकर्ता तय रकम लेकर साइबर थाना के समीप पहुंचा. एसीबी की टीम पहले से ही आसपास तैनात थी. जैसे ही सब इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर अपने साथ धनबाद ले गयी.
ये भी पढ़ें: फुलारीटांड़ में पांच दशक से बिजली का इंतजार, ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद बीसीसीएल ने दिया बहाली का भरोसा
किस मामले में मांगी गयी थी रकम, स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सब इंस्पेक्टर ने 30 हजार रुपये की रिश्वत किस मामले में मांगी थी. इस संबंध में एसीबी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी सब इंस्पेक्टर से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
रिश्वत लेने के आरोप में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी चर्चा तेज हो गयी है. एसीबी की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के आधार पर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: बगोदर में स्मार्ट मीटर ने दिया बिजली उपभोक्ताओं को झटका, 35 हजार तक के बिल से मचा हड़कंप
