गांडेय. डीएफओ के निर्देश पर शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने गांडेय प्रखंड के लखनपुर और फुलची गांव में अवैध रूप से संचालित आरा मिलों के खिलाफ कार्रवाई की. वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी एसके रवि के नेतृत्व में टीम ने दोनों स्थानों पर छापेमारी कर आरा मिल के उपकरण और लकड़ियां जब्त कीं.
जेसीबी से उखाड़ी गयी आरा मशीन
छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से आरा मशीन को उखाड़ दिया. टीम ने आरा मशीन, डीजल मशीन, चिरान पत्ती, चिरान मशीन समेत कटहल, आम और अन्य पेड़ों की लकड़ियां जब्त कीं. कार्रवाई के बाद जब्त सभी सामान और लकड़ियों को वन विभाग के कार्यालय लाया गया.
कई वनकर्मी रहे मौजूद
छापेमारी अभियान में वनपाल रोहित कुमार पंडित, वनरक्षी रंजन शर्मा, दाऊद आलम, शमशेर अंसारी, विष्णु किस्कू, रामदेव मरांडी, बबिता कुमारी, विनोद कुमार और छोटू दास समेत वन विभाग के कई कर्मी मौजूद थे. वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध आरा मिल संचालकों में हड़कंप है.
