बेंगाबाद में गुरुवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गये. घायलों को इलाज के लिए एनएच की एंबुलेंस से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. पहली घटना दुधीटांड़ मोड़ के पास हुई. लक्ष्मीपुर गांव निवासी महेंद्र यादव अपनी पत्नी सविता देवी के साथ दुधीटांड़ की ओर जा रहा था. इस बीच एक अन्य वाहन के चकमे से वह अनियंत्रित होकर गिर गयया. इसमें सविता को गंभीर चोट आयी है. वहीं, बाइक चालक महेंद्र भी घायल हो गया. दूसरी घटना झलकडीहा के पास घटी. बताया जाता है कि फिटकोरिया पंचायत के कजरो गांव निवासी मो मकसूद अंसारी अपनी पत्नी आसमा खातून के साथ डाकबंगला की ओर बाइक से जा रहा था. झलकडीहा के पास विपरीत दिशा से आ रही एक वाहन के चकमे से मकसूद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं उसकी पत्नी का एक हाथ टूट गया है. तीसरी घटना कर्णपुरा के पास घटी. धनबाद निवासी संजय रवानी बाइक से बेंगाबाद की ओर आ रहा था. वहीं, सिहोडीह का एक युवक गिरिडीह की ओर जा रहा था. कर्णपुरा के पास दोनों बाइक में टक्कर हो गयी. इसमें सिहोडीह के युवक का एक पैर टूट गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
