Giridih News :ट्रैफिक पुलिस बन बुजुर्ग महिला से 10 लाख के सोने के गहनों की ठगी

Giridih News :शहरी क्षेत्र के टीओपी परिसर के बाहर ट्रैफिक पुलिस बनकर दो युवकों ने एक बुजुर्ग महिला से आठ से दस लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों की ठगी कर ली. ठगी की शिकार महिला की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र के अलकापुरी निवासी गीता देवी के रूप में हुई.

घटना शुक्रवार की है. पीड़िता ने बताया कि वह अपने पुत्र नन्हे के साथ मकतपुर स्थित एक बैंक में पैसे जमा करने आयी थी. बैंक से बाहर निकलने के बाद वह अपने पुत्र के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी. इसी दौरान हेलमेट पहने दो अज्ञात युवक बाइक से पहुंचे और उनकी स्कूटी रोक दी. नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. प्रारंभिक जांच में यह गिरोह बाहर का प्रतीत होता है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा.

डर का माहौल बनाकर उतरवाये गहने

पीड़िता गीता देवी ने बताया कि उसके दोनों हाथों में चार-चार तोले के सोने के कंगन और गले में लगभग दो तोले की सोने की चेन थी, जिसकी कुल कीमत आठ से दस लाख रुपये है. उसने बताया कि बाइक से उतरकर एक युवक ने उसके पुत्र से हेलमेट नहीं होने की बात कह लाइसेंस दिखाने को कहा. उसे बातचीत में उलझाकर पास की एक दुकान की ओर ले गया. इसी दौरान गीता स्कूटी के पास अकेली रह गयी. इसी बीच दूसरे युवक ने महिला के गले में सोने की चेन व हाथों में कंगन देखकर उसे डराने लगा. युवक ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में चेन छिनतई की घटना हुई थी, जिसमें महिला का गला भी कट गया था. डर का माहौल बनाने के लिए उसके साथी ने अपने गले की चेन और अंगूठी उतारकर यह जताया कि वे भी सुरक्षा के लिहाज से गहने उतार रहे हैं. इससे महिला और घबरा गयी.

रुमाल बदलकर दिया झांसा

ठगों ने महिला से कहा कि इतने महंगे गहने पहनकर बाजार में निकलना ठीक नहीं है और तुरंत गहने उतारकर रुमाल में बांधने को कहा. डर के कारण महिला ने अपने गले की सोने की चेन और दोनों हाथों के कंगन उतारकर रुमाल में बांध दिये. इसके बाद ठगों ने चालाकी से रुमाल बदल दिया और महिला को कागज में लपेटकर पीतल का कंगन थमा दिया. कुछ ही देर में आरोपी मौके से फरार हो गये. जब महिला को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने शोर मचाया. शोर सुनकर स्थानीय लोग जुटे और नगर थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में ठगों की तस्वीरें कैद हुई हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >