Giridih News :डीसी व एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

Giridih News :नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी रामनिवास यादव एवं एसपी डॉ विमल कुमार ने शनिवार को व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

इस क्रम में उन्होंने डिस्पैच सेंटर, बाजार समिति परिसर, सामग्री कोषांग, वाहन कोषांग सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. डीसी ने मतपेटी, आवश्यक प्रपत्र, सील, स्टेशनरी व अन्य सामग्रियों का वितरण की पूरी जानकारी प्राप्त की. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सामग्री की सूची का मिलान कर सुव्यवस्थित तरीके से पैकेजिंग की जाये, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना ना रहे. डिस्पैच के दौरान समय-प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा जाये तथा प्रत्येक दल को क्रमवार और पारदर्शी तरीके से सामग्री उपलब्ध करायी जाये. इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गये. कहा कि सभी कार्य व्यवस्थित तरीके से हो, इसका ध्यान रखे.

बाजार समिति परिसर का किया निरीक्षण

इसके बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बाजार समिति परिसर का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने मतदान दलों के ठहराव, सामग्री भंडारण व वाहन प्रबंधन आदि का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रहें, ताकि मतदान कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े. सामग्री कोषांग के निरीक्षण के दौरान डीसी ने उपलब्ध सामग्रियों की संख्या, गुणवत्ता व सुरक्षित भंडारण की स्थिति की जांच की. इस दौरान एसपी डॉ बिमल कुमार ने कहा कि नगर निकाय चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों व कर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सजगता के साथ कार्य करने का आह्वान किया.

इनकी रही उपस्थिति

मौके पर डीडीसी स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला खेल पदाधिकारी, संबंधित कोषांग के नोडल और प्रभारी पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >