छोटकी सरिया स्थित बीएम मेमोरियल स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की सरिया शाखा के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया. इस दौरान 500 से अधिक विद्यार्थियों और अभिभावकों ने हिस्सा लिया.
नशामुक्त रहने की दिलायी प्रतिज्ञा
कार्यक्रम में संदीप ने उपस्थित विद्यार्थियों और अभिभावकों को नशामुक्त रहने की प्रतिज्ञा दिलायी. साथ ही दस करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया.
नशे से परिवार भी प्रभावित
ब्रह्माकुमारी अनीता ने कहा कि नशे की आदत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है. नशे के कारण परिवार संकट और विघटन की ओर बढ़ सकता है. उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की.
नाटिका के माध्यम से दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देने के लिए जागरूकता आधारित नाटिका प्रस्तुत की गयी. नाटिका के माध्यम से नशे से होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसान को दर्शाया गया.
विद्यालय के प्राचार्य प्रेमचंद सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया.
