डुमरी की जनसमस्याओं और छात्र-युवा हित से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी ने शनिवार को रांची स्थित लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की. उन्होंने विभिन्न मांगों से संबंधित मांग-पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की.
मांग-पत्र में जेपीएससी, जेएसएससी एवं सीजीएल की परीक्षा में कथित पेपर लीक व अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने तथा परीक्षा रद्द कर निष्पक्ष तरीके से पुनः परीक्षा आयोजित कराने की मांग प्रमुखता से रखी गयी.
जेटेट और छात्रवृत्ति का मामला भी उठाया
सुनीता कुमारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है. अभ्यर्थी वर्षों तक मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं. ऐसे में अनियमितता उनके भविष्य के साथ अन्याय है. जेटेट और छात्रवृत्ति का मामला भी उठाया.
सुनीता कुमारी ने करीब 10 वर्षों से जेटेट परीक्षा आयोजित नहीं होने का मामला भी राज्यपाल के समक्ष रखा. उन्होंने परीक्षा जल्द कराने की मांग की. कहा कि परीक्षा नहीं होने से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
वहीं पिछले दो वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान शीघ्र कराने की मांग भी की गयी. उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति के अभाव में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
डुमरी को जिला बनाने की मांग की
डुमरी को जिला बनाने समेत कई मांगें मांग-पत्र में डुमरी अनुमंडल को जिला बनाने, लंबे समय से रिक्त प्रशासनिक पदों पर स्थायी पदाधिकारियों की नियुक्ति करने, डुमरी रेफरल अस्पताल को अनुमंडलीय अस्पताल का दर्जा देने देने, अग्निशमन मिनी वाहन उपलब्ध कराने तथा डुमरी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की लंबित प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग भी शामिल है.
सुनीता कुमारी ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी एवं सीजीएल मामले में पारदर्शी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए तथा मेहनती अभ्यर्थियों के हित में न्यायसंगत निर्णय लिया जाना चाहिए. मौके पर भाजपा नेता सुरेंद्र कुमार, दीपक श्रीवास्तव, आवेश कुमार और आदित्य पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे.
