धनवार बाजार स्थित धनवार इंडेन गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर लेने पहुंचे युवक से निर्धारित राशि से अधिक पैसे मांगने, विरोध करने पर गैस पासबुक रख लेने और बाद में घर पहुंचकर गाली-गलौज व मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने करीब 15 दिन बाद कांड दर्ज किया है. इस दौरान पीड़ित की ओर से थाना में लिखित आवेदन देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं होने का मामला चर्चा में रहा.
धनवार बाजार निवासी शंकर साव, पिता सुखदेव साव ने करीब 15 दिन पूर्व धनवार थाना में लिखित आवेदन देकर गैस एजेंसी से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाये थे. रविवार को शंकर साव कांग्रेसी नेता मनीष राज सिंह के साथ धनवार थाना पहुंचे. पुलिस पदाधिकारियों के साथ करीब तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद पुलिस ने मामले में कांड दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई शुरू की.
अतिरिक्त राशि देने से इनकार पर पासबुक रखने का आरोप
पीड़ित के आवेदन के अनुसार, शंकर साव गैस सिलेंडर लेने के लिए धनवार इंडेन गैस एजेंसी पहुंचे थे. वहां उनसे कथित तौर पर निर्धारित राशि से अधिक रुपये की मांग की गयी. अतिरिक्त राशि देने से इनकार करने पर एजेंसी से जुड़े लोगों द्वारा उनकी गैस पासबुक रख लेने का आरोप लगाया गया.
घर पहुंचकर मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप
शंकर साव ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी से जुड़े कुछ लोग बाद में उनके घर पहुंचे. वहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गयी. पीड़ित ने इसी दौरान मोबाइल फोन छीन लिये जाने की भी शिकायत की थी. घटना को लेकर उन्होंने धनवार थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी.
तीन घंटे की वार्ता के बाद दर्ज हुआ कांड
प्राथमिकी दर्ज नहीं होने को लेकर मामला लगातार चर्चा में था. रविवार को शंकर साव कांग्रेसी नेता मनीष राज सिंह के साथ थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की. करीब तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद पुलिस ने मामले में कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस अब आवेदन में लगाये गये आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
