टुंडी रोड पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत; CCTV से अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

गिरिडीह के टुंडी रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार मनोज कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

गिरिडीह. नगर थाना क्षेत्र के टुंडी रोड में बुधवार की देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिराजपुर पंचायत अंतर्गत घोबन्नी निवासी मनोज कुमार यादव के रूप में की गयी है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

परिजनों के अनुसार मनोज कुमार यादव पेशे से ड्राइवर थे. बुधवार को वह माल ढुलाई के सिलसिले में चाइना मोड़ गये थे. वहां ट्रक में माल लोड नहीं हो पाने के कारण वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे. बताया गया कि तिरंगा चौक पार करने के कुछ देर बाद टुंडी रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मनोज कुमार यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.

सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. परिजन उन्हें इलाज के लिए धनबाद लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मनोज कुमार यादव ने दम तोड़ दिया.

इसके बाद परिजन शव को लेकर वापस सदर अस्पताल पहुंचे. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. बताया गया कि मनोज कुमार यादव अपने पीछे पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गये हैं. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >