Giridih News: आठ सालों से बंद पड़ी है अकदोनी कला ग्रामीण जलापूर्ति योजना

Giridih News: सदर प्रखंड की अकदोनी कला पंचायत में लगभग 2.77 करोड़ से शुरू की गयी ग्रामीण जलापूर्ति योजना पिछले आठ सालों से बंद है. योजना के बंद होने से पेयजलापूर्ति बाधित है. इससे लगभग चार हजार की आबादी प्रभावित हो रही है.

योजना को लेकर अकदोनी कला पंचायत से लेकर अकदोनी खुर्द पंचायत के प्रेमनगर तक पाइपलाइन का विस्तारीकरण किया गया था. अकदोनी खुर्द पंचायत के कई घरों में पेयजल के लिए कनेक्शन भी दिये गये, लेकिन नये कनेक्शन में एक बूंद पानी लोगों को नहीं मिला. अकदोनी कला पंचायत स्थित ग्रामीण जलापूर्ति योजना के बंद रहने से यहां के लोग कुआं, चापाकलों व डाड़ी से प्यास बुझाते हैं. जानकारी के मुताबिक सीसीएल गिरिडीह कोलियरी अंतर्गत भदुआ स्थित जुबली पिट चानक पर दो पंचायतों की करीब 10 हजार की आबादी पानी के लिए निर्भर थी. जुलाई 2018 में यह चानक भूमिगत आग की चपेट में आ गयी. खतरे की आशंका को देखते हुए इस चानक से जलापूर्ति बंद कर दी गयी. बता दें कि सीसीएल बनियाडीह की जलापूर्ति योजना व पीएचइडी की अकदोनीकला ग्रामीण जलापूर्ति योजना संचालित थी.अकदोनीकला जलापूर्ति योजना बंद हुए लगभग आठ वर्ष बीत गये, लेकिन पीएचइडी टू इसे चालू कराने में अभी तक नाकाम है. विभाग इतने समय बीत जाने के बाद भी अभी तक जलस्रोत की संभावना की तलाश कर रही है. दूसरी ओर सीसीएल गिरिडीह कोलियरी प्रबंधन ने 2018 नवंबर-दिसंबर में बनियाडीह क्षेत्र में जोकटियाबाद चानक से जलापूर्ति शुरू करा दी. इस पंचायत के विजय कुमार, प्यारी गोप आदि ने अतिशीघ्र जलापूर्ति चालू करने की मांग की है.

पानी के लिए परेशान रहते हैं अकदोनीकला के लोग

बताया जाता है कि जुलाई 2018 में जुबली पिट चानक से जलापूर्ति बंद होने के बाद उसी समय से अकदोनीकला पंचायत के कई परिवार पानी की किल्लत झेल रहे हैं. इस संबंध में आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि अकदोनी कला जलापूर्ति योजना को चालू कराने के लिए एक वर्ष पूर्व पीएचईडी द्वारा सर्वे कराया गया था. योजना को चालू कराने को लेकर रि-टेंडर करने की बात कही गयी थी. इसके बाद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. उन्होंने कहा कि जलापूर्ति योजना बंद रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. यहां के लोग कुआं, डाड़ी व चापाकल पर निर्भर हैं. गर्मी में कुआं सूख जाता है और चापाकलों का जलस्तर नीचे चला जाता है, लिहाजा ग्रामीणों को परेशानी हाेती है. कई लोग कपड़ा धोने और नहाने के लिए नदी जाते हैं. केंद्र में ताला लटका हुआ है और पानी टंकी शोभा का वस्तु बना हुआ है. उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द उक्त योजना को चालू कराने की मांग की है.

सीसीएल से एनओसी मिलने का है इंतजार : जेई

पीएचईडी के कनीय अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि अकदोनी कला ग्रामीण जलापूर्ति योजना को चालू करने के लिए कोगड़ी स्थित चानक को चिन्हित किया गया है. यहां से पाईप लाइन के माध्यम से पानी लिफ्ट कर क्षेत्र में सप्लाई किया जायेगा. इस योजना को लेकर प्राक्कलन तैयार कर मुख्यालय को भेजा गया है.उन्होंने कहा कि सीसीएल क्षेत्र होने के कारण योजना को लेकर सीसीएल गिरिडीह से एनओसी मांगा गया है. सीसीएल से एनओसी मिलने का इंतजार है. कहा कि सीसीएल से अगर दो-चार दिनों के अंदर एनओसी मिल जाता है तो अप्रैल माह में कार्य शुरू होने की संभावना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >