गांडेय : पूजा कर लौट रही एक महिला की मंगलवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. घटना गांडेय मुख्यालय की है. गांडेय बाजार निवासी अशोक पाठक की पत्नी सुलेखा देवी (45 वर्ष) पुत्र के साथ बाइक में सवार होकर पांडेडीह स्थित मंदिर से पूजा कर लौट रही थी. इसी क्रम में रास्ते में बाइक असंतुलित हो गयी और वह गिर गयी.
आनन-फानन उन्हें इलाज के लिये गिरिडीह लाया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया, हालांकि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया.
मृतका के घर पर लोगों का तांता लग गया. परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. इस हादसे से गांव में मातम का माहौल है.भाजपा नेता यदुनंदन पाठक, सांसद प्रतिनिधि अर्जुन बैठा, सामाजिक कार्यकर्ता डोमन पाठक समेत कई ने घटना पर शोक जताया है.
